Mirzapur News: शादी कराने के बहाने वसूली करने वाले 9 गिरफ्तार, इनके शातिर तरीके से पुलिस भी हो गई हैरान
Mirzapur News: पैसा न मिलने पर ये लोग उनको बन्धक बनाकर मारते-पीटते हैं। जान से मारने का भय दिखा कर उनके परिवार व रिश्तेदारों से आनलाइन ट्रान्जेक्शन के माध्यम से पैसा मंगाते हैं। इस घटना के पूर्व भी हम लोग कई बार ऐसी घटना कर चुके है। अब तक पकड़े नहीं गये थे। पकड़ा गया हरिचरण बिचौलिया है। जो दोनों का संपर्क कराता है।
विस्तार
मिर्जापुर के राजगढ़ थाने की पुलिस ने शादी कराने के नाम पर डरा-धमका कर अवैध तरीके से धन उगाही करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए नौ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से तमंचा, कारतूस, बाइक और नकदी बरामद हुआ है। मामले का खुलासा पुलिस अधीक्षक अभिनंदन ने शुक्रवार को पत्रकार वार्ता कर किया।
हमीरपुर के जरिया थाना क्षेत्र के अतरौली घगऊवा निवासी जगत राम ने बीते 20 मार्च को थाने में नामजद आरोपियों के खिलाफ तहरीर देकर शादी कराने के लिए बुलाकर मारने-पीटने, गाली देते हुए अवैध पैसा मागंने व जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया। झांसी के मोठ थाना क्षेत्र निवासी रामनारायण अग्रवाल ने भी शादी के लिए लड़की दिखाने के लिए बुलाकर मारने-पीटने और पैसा वसूलने का आरोप लगाया था। पुलिस दोनों मामले में मुकदमा दर्ज कर छानबीन में जुटी थी। पुलिस इनके शातिर तरीके से हैरान है।
शुक्रवार की सुबह मुखबिर की सूचना पर पुलिस की टीम ने शाहगंज रोड नदी पुल के पास ग्राम नदिहार के पास से शहजाद उर्फ दिलीप निवासी सतौहा थाना घोरावल जनपद सोनभद्र, शैलेश कुमार उर्फ सत्या निवासी सतौहा, जितेंद्र बिंद उर्फ देवकी निवासी सोनवर्ष थाना राजगढ़, संतोष बिंद निवासी सोनवर्षा, ओमप्रकाश बिंद निवासी ददरा थाना राजगढ़, सीमा निवासी सतौह, सीता निवासी इनम थाना शाहगंज जनपद सोनभद्र, हरिचरण तिवारी निवासी टोलाखंगार थाना चिकासी जनपद हमीरपुर व छोटेलाल निवासी सतौहा थाना घोरावल जनपद सोनभद्र को गिरफ्तार किया।
विभिन्न जिलों में फैला है नेटवर्क
गिरफ्तार आरोपी शहजाद, शैलेश कुमार, जितेंद्र बिंद के पास से तीन तमंचा और पांच कारतूस बरामद कर लिया। घटना में प्रयुक्त चार बाइक, 10 मोबाइल व 15 हजार रुपये नकद और एटीएम कार्ड बरामद किया। एसपी अभिनंदन के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों ने बताया कि हम लोग विभिन्न जनपद व प्रदेशों से अलग-अलग लोगों से सम्पर्क कर शादी कराने के नाम पर बुलाते हैं।
उनको सुंदर लडकियां दिखा कर मुंह दिखाई या नेग के नाम पर तुरंत पैसा वसूलते हैं। पैसा न मिलने पर उनको बंधक बनाकर मारते-पीटते हैं। जान से मारने का भय दिखा कर उनके परिवार व रिश्तेदारों से ऑनलाइन ट्रांजेक्शन के माध्यम से पैसा मंगाते हैं। इस घटना के पूर्व भी हम लोग कई बार ऐसी घटना कर चुके हैं। अब तक पकड़े नहीं गए थे। पकड़ा गया हरिचरण बिचौलिया है, जो दोनों का संपर्क कराता है।
राजस्थान के लोगों के साथ भी ठगी
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि ठगी करने वाले अंतर्राज्यीय गैंग के सदस्य हैं। ठगों ने राजस्थान के कुछ लोगों को भी ठगा है। इसके अलावा जालौन, झांसी के लोगों से ठगी की है। गैंग में सोनभद्र और राजगढ़ के लोग भी हैं। उनको जंगल में ले जाकर डराते थे। गैंग में एक सदस्य ओम प्रकाश है। उसके साथ एक महिला रहती थी। उसे दुल्हन के रुप में दिखाया जाता था। इसके बाद शैलेश व शहजाद उनके साथ मारपीट कर पैसे की वसूली करते थे। एसपी के अनुसार, गैंग के अन्य लोगों की तलाश की जा रह है। एसआईटी बनाकर मुकदमों की जांच की जाएगी। इन पर गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई की जाएगी।