Vindhyachal: नवरात्र के चौथे दिन भी विंध्य धाम में उमड़े श्रद्धालु, दर्शन के दौरान दो बालिका समेत तीन अचेत
शारदीय नवरात्र के चौथे दिन पर दर्शन-पूजन के लिए जगतजननी आदिशक्ति मां जगदंबा विंध्याचल पर्वत निवासिनी मां विंध्यवासिनी के दरबार में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ा। मंदिर परिसर में कतार में खड़ी दो बालिका समेत तीन लोग चक्कर खाकर गिर गए।
विस्तार
शारदीय नवरात्र के चौथे दिन पर दर्शन-पूजन के लिए जगतजननी आदिशक्ति मां जगदंबा विंध्याचल पर्वत निवासिनी मां विंध्यवासिनी के दरबार में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ा। मंदिर परिसर में कतार में खड़ी दो बालिका समेत तीन लोग चक्कर खाकर गिर गए। इनमें से एक को सीएचसी रेफर कर दिया गया। जबकि दो को प्राथमिक उपचार के बाद होश आ गया।
बक्सर निवासी बालिका अर्चना पांडेय पुत्री उपेंद्र पांडेय नई वीआईपी मार्ग पर कतार में खड़ी थी। अचानक वो गश खाकर गिर गई। ड्यूटी पर तैनात तीर्थ पुरोहित उपेंद्र त्रिपाठी ने उसे गोद में उठाकर स्वास्थ्य कैंप में पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज कर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रेफर किया। जहां उसकी हालत स्थिर बताई गई।
परिजनों ने बताया कि अर्चना बीमार थी। इलाज के लिए वाराणसी आए थे। वहीं से विंध्याचल धाम में दर्शन पूजन करने के लिए आ गए। दूसरी घटना में सुकृत सोनभद्र से निवासी 12 वर्षीय सरिता दोपहर एक बजे मंदिर परिसर में ही गश खाकर गिर गई। सेक्टर में तैनात पुलिसकर्मियों ने उसे मेडिकल कैंप पहुंचाया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे होश आया।
तीसरी घटना में उन्नाव के मोरवी से आए श्रद्धालु ओमकरन यादव मंदिर परिसर में अचेत हो गए। पुलिस सेक्टर प्रभारी रामजी यादव ने उन्हें मेडिकल कैंप में पहुंचाया । प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें भी होश आ गया। तीनों पीड़ितों का इलाज कैंप में डा. जेके जायसवाल ने किया ।
विंध्याचल में नि:शुल्क गोल्फ कार्ट सेवा शुरू
शारदीय नवरात्र मेला में नगर पालिका मिर्जापुर ने बैटरी चालित ई-रिक्शा (गोल्फ कोर्ट) व इलेक्ट्रिक बसों के संचालन की जिम्मेदारी ली है। अब नगर पालिका विभिन्न क्षेत्रों से अशक्त, दिव्यांग, महिलाओं व बच्चों को मां विंध्यवासिनी मंदिर तक नि:शुल्क पहुंचा रही है। कई महीने तक यह सेवा ठप रही। मंडलायुक्त के निर्देश पर यह जिम्मेदारी नगर पालिका को दी गई है।
नवरात्र मेला के लिए विशेष रूप से पिछले साल गोल्फ कार्ट और इलेक्ट्रिक बसें मंगाई गई थीं। विभागीय खींचतान और चालक की समस्या के चलते यह ठप पड़ी थी। फिर से इस गोल्फ कार्ट का संचालन मेला क्षेत्र के विभिन्न स्थानों से मंदिर तक पहुंचाने में किया जा रहा है। इस समय चार गोल्फ कोर्ट व इलेक्ट्रिक बस मेला क्षेत्र में चलाई जा रही हैं।