यूपीः विंध्य कॉरिडोर के लिए मुस्लिमों ने भी दी जमीन, परिक्रमा पथ के निर्माण का रास्ता हुआ साफ
विंध्य कॉरिडोर योजना के दूसरे चरण में कोतवाली गली को 35 फीट चौड़ा किया जाएगा। इसकी जद में 144 मकान, व्यापारिक प्रतिष्ठान, भवन आ रहे हैं। इसमें हिंदुओं के साथ-साथ मुस्लिम परिवार के लोगों की संपत्तियां भी शामिल हैं।
विस्तार
उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले में स्थित मां विंध्यवासिनी मंदिर परिसर के कायाकल्प के तहत विंध्य कॉरिडोर योजना को साकार करने के लिए आपसी सहमति से मुस्लिम परिवारों ने भी जमीन दी है। सात परिवारों ने इसके लिए नोडल अधिकारी को सहमति दी है। इसके बाद उनके खाते में मुआवजा भेज दिया गया।
विंध्य कॉरिडोर के अंतर्गत परिक्रमा पथ व गलियों को चौड़ा किया जा रहा है। इस योजना में 331 करोड़ से काम कराया जा रहा है। योजना के दूसरे चरण में कोतवाली गली को 35 फीट चौड़ा किया जाएगा। इसकी जद में 144 मकान, व्यापारिक प्रतिष्ठान, भवन आ रहे हैं। इसमें हिंदुओं के साथ-साथ मुस्लिम परिवार के लोगों की संपत्तियां भी शामिल हैं।
आठ मुस्लिम परिवारों ने अपनी जमीन, दुकान आदि की 94.5 वर्गमीटर भूमि देने का सहमति का पत्र नोडल अधिकारी को दिया है। इसके एवज में उनके खाते में 60 लाख रुपये मुआवजा भेज दिया गया है। नईम खान, अयूब खान, राशमी पति सलीम खान ने 16.62 वर्ग मीटर, गरीब हाशमी ने 14 . 55 वर्ग मीटर, अच्छन खान ने 10.41 वर्ग मीटर, मल्लो बेगम ने 10.48 वर्ग मीटर, मल्लो हाशमी ने 9.97 वर्ग मीटर, अब्दुल कलाम व असलम इमाम अली ने 16.37 वर्ग मीटर तथा हाजरा बेगम ने 16.14 वर्ग मीटर जमीन दी है।
सिटी मजिस्ट्रेट विनय कुमार सिंह ने कहा कि विंध्य कॉरिडोर की योजना पर कार्य चल रहा है। इसके लिए मुस्लिम परिवारों ने सहर्ष जमीन, मकान, प्रतिष्ठान दिया है। इसके लिए 60 लाख रुपये से ज्यादा मुआवजा उनके खाते में भेज दिए गए हैं।
गृहमंत्री अमित शाह कर सकते हैं शिलान्यास
एक अगस्त को गृहमंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मां विंध्यवासिनी मंदिर परिसर के कायाकल्प के तहत विंध्य कॉरिडोर के शिलान्यास के लिए एक अगस्त को विंध्याचल आ सकते हैं। इसके मद्देनजर तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। पुलिस विभाग भी सुरक्षा व्यवस्था में जुट गया है। सुरक्षा के लिए ड्रोन का प्रयोग किया जा रहा है।
आगमन से पूर्व विंध्याचल के आसपास ड्रोन कैमरे की मदद से नजर रखी जाएगी। एएसपी सिटी संजय कुमार वर्मा ने बताया कि गृहमंत्री और मुख्यमंत्री के संभावित आगमन के मद्देनजर विंध्याचल में ड्रोन से सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखी जाएगी। इसके अलावा पूरे नगर में ड्रोन से सुरक्षा का जायजा लिया जाएगा।
आगामी समय में सावन पर्व, स्वतंत्रता दिवस और अन्य त्योहारों के मद्देनजर रेलवे स्टेशन, नगर के घाट, मंदिर आदि की सुरक्षा के लिए ड्रोन से नजर रखी जाएगी। जहां कहीं भीड़ या अराजकतत्व नजर आएंगे, वहां पर तुरंत फोर्स भेजकर कार्रवाई की जाएगी। मिर्जापुर के प्रमुख स्थानों पर ड्रोन से निगरानी भविष्य में भी होती रहेगी।