मिर्जापुर। होलिका दहन के पूर्व संध्या पर रविवार को बाजार गुलजार रहे। चहल-पहल देर रात तक बनी रही। सुबह बाजार खुलते ही लोगों की भीड़ विभिन्न बाजारों में उमड़ पड़ी। नगर के मुकेरी बाजार, वासलीगंज, बसनई बाजार, तेलियागंज, घंटाघर, सिविल लाइंस, रमईपट्टी, महुवरिया, पक्काघाट समेत अन्य बाजार में उमड़े भीड़ के कारण कई बार लोगों को जाम के झाम से जूझना पड़ा।
रेडीमेड कपड़ों की दुकानों, किराना, रंग-अबीर के साथ ही पिचकारियों के दुकानों पर बच्चों व अभिभावकों की भीड़ उमड़ी रही। खोआ मंडी में सुबह से लेकर शाम तक खरीदारों की भीड़ लगी रही। बच्चों संग दुकानों पर पहुंचे परिजन उनके मन पसंद के कपड़ों के खरीदारी में जुटे रहे। गुझिया बनाने की तैयारियां अंतिम दौर में रहा। किराना के अधिकांश दुकानों पर पैर रखने तक की जगह नहीं रही। लोग गुझिया के सामान के अलावा रेडीमेड चिप्स, पापड़ व अन्य सामान की खरीदारी में जुटे रहे।