मिर्जापुर में ट्रेन से कटकर मां-पुत्र की मौत, पुत्री जख्मी
अदलहाट थाना क्षेत्र के अहरौरा रोड रेलवे स्टेशन के पास हुआ हादसा
विस्तार
मिर्जापुर के नरायनपुर में अदलहाट थाना क्षेत्र के अहरौरा रोड रेलवे स्टेशन के पास बृहस्पतिवार की दोपहर बाद एक महिला और उसके दो बच्चे ट्रेन की चपेट में आ गए। इसमेें महिला और उसके पुत्र की मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल पुत्री को ट्रामा सेंटर वाराणसी भेजा गया। मौके पर पहुंची नरायनपुर पुलिस और जीआरपी ने उनकी शिनाख्त कराई। सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे।
अदलहाट थाना क्षेत्र के कोल्हुआ गांव निवासी 45 वर्षीय विद्या देवी पत्नी स्व. विनोद अपने 12 वर्षीय पुत्र मोनू और14 वर्षीय पुत्री सुषमा के साथ बृहस्पतिवार की दोपहर बाजार सामान लेने निकली थी। वह अहरौरा रोड रेलवे स्टेशन के पास रेलवे पटरी पार कर रही थी कि डाउन लाइन पर आ रही मालगाड़ी की चपेट में आ गई। इसमें विद्या देवी की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना पर नरायनपुर चौकी प्रभारी संजय सिंह और जीआरपी चुनार मौके पर पहुंचे।
घायल पुत्र मोनू और पुत्री सुषमा को अस्पताल ले जाया गया। डाक्टर ने पुत्र को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल सुषमा का प्राथमिक उपचार के बाद ट्रामा सेंटर वाराणसी रेफर कर दिया गया। नरायनपुर पुलिस और जीआरपी चुनार प्रभारी जितेंद्र कुमार यादव ने उनकी शिनाख्त कराई। परिजनों के आने पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जीआरपी चुनार प्रभारी जितेेंद्र कुमार ने बताया कि रेलवे की पटरी पार करते समय मालगाड़ी आने से महिला और उसके पुत्र की कटकर मौत हो गई, पुत्री घायल है। विद्या के दो बड़े पुत्र मनोहर, प्रदीप और भाई गोविंद आए। शिनाख्त करने के बाद मनोहर ने बताया कि उसकी मां, उसके भाई और बहन को लेकर बाजार सामान खरीदने के लिए निकली थी।