मिर्जापुर। शहर कोतवाली क्षेत्र के सिविल लाइन स्थित मां जालपा देवी मंदिर में मंगलवार को सुबह करीब चार बजे एक ट्रक ने अनियंत्रित होकर टकरा गया। इससे मंदिर के आगे का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। मंदिर में स्थापित मूर्तियां क्षतिग्रस्त होने से बच गईं। पास में मौजूद कचहरी पुलिस चौकी के जवानों ने ट्रक को कब्जे में लिया। ट्रक मालिक द्वारा मंदिर निर्माण कराने का भरोसा दिए जाने के बाद मामला शांत हुआ।
भटौली पुल से खाली ट्रकें आती हैं। रात 12 बजे से ट्रकों के आने का सिलसिला तेज हो जाता है। यह सिलसिला पूरी रात चलता रहता है। मंगलवार को सुबह करीब चार बजे भटौली से होते फतहां की ओर से आ रहा ट्रक अनियंत्रित होकर सिविल लाइन तिराहे पर स्थित मां जालपा देवी मंदिर से टकरा गया। इससे मंदिर के आगे का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। सीढ़ी क्षतिग्रस्त हो गई। मंदिर के गेट पर लगा वाटर कूलर भी क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद कचहरी पुलिस चौकी के सिपाहियों ने चालक को पकड़कर ट्रक को कब्जे में ले लिया। हादसे में ट्रक के आगे का हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हो गया था। मंदिर में पीपल का पेड़ है। पेड़ के कारण ट्रक रुक गया, अन्यथा ट्रक अंदर जाता तो मूर्तियां भी क्षतिग्रस्त हो सकती थीं। शहर कोतवाल अरविंद मिश्रा ने बताया कि ट्रक के टक्कर से मंदिर के आगे का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया है। ट्रक मालिक को बुलाया गया। ट्रक मालिक ने मंदिर का निर्माण कराने का भरोसा दिया है।