अदलहाट। मिर्जापुर मंडल की जूनियर बालिकाओं की टीम ने प्रदेशीय कबड्डी प्रतियोगिता में सोमवार को कांस्य पदक जीतकर मंडल का नाम रोशन किया है। खेल निदेशालय उत्तर प्रदेश एवं उत्तर प्रदेश प्रदेशीय कबड्डी एसोसिएशन के तत्वावधान में गाजीपुर के नेहरू स्टेडियम में 6 से 8 दिसंबर के बीच सोमवार को संपन्न हुए प्रादेशिक समन्वयक जूनियर बालिका कबड्डी प्रतियोगिता में मिर्जापुर मंडल की टीम सेमीफाइनल मुकाबले में अयोध्या की टीम से रोमांचक मुकाबले में हार कर मंडल के लिए कांस्य पदक जीता। इसके पहले टीम कैप्टन शालिनी यादव के नेतृत्व में रेडिंग व मजबूत डिफेंस के साथ अपने लीग मैच में मिर्जापुर मंडल की लाडलियों ने मेरठ को 42-35 से हराकर क्वार्टर फाइनल में पहुंची थी। टीम ने शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए अयोध्या को 32-25 के अंतर से पराजित कर बुलंद हौसलों के साथ सेमीफाइनल में पहुंची। जहां आगरा हॉस्टल के साथ रोमांचक मुकाबले में टीम हार गई। इस कामयाबी में टीम मैनेजर शेर बहादुर, खिलाड़ी शालिनी यादव, प्रिया गौतम, पुनम कुमारी, प्रिया, कंचन गौतम, अंजली गौतम, आदिति प्रजापति, अवंतिका, आशु, नंदिनी यादव, निधि यादव, नेहा, रिया यादव, सुधा यादव का टीम के लिए सराहनीय योगदान रहा। विजेता टीम को खेल अधिकारी धर्मवीर सिंह, जिला कबड्डी एसोसिएशन के सचिव हुबलाल ने बधाई दी है।