लखनिया दरी: पर्यटकों के लिए खुशखबरी...प्रवेश शुल्क की वसूली पर रोक, शिकायतों पर हुई कार्रवाई; जानें खास
Mirzapur News: लखनिया दरी जलप्रपात पर पर्यटकों से दुर्व्यवहार, पर्यटन स्थल पर गंदगी, पार्किंग शुल्क के नाम पर जबरन की जा रही वसूली की शिकायतों को लेकर डीएफओ ने सख्त रवैया अपनाया है। इसके साथ ही पर्यटकों को राहत दी है। कहा कि अब बदसलूकी के वीडियो सामने आए तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
विस्तार
Lakhaniya Dari: मिर्जापुर के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल लखनिया दरी जलप्रपात पर अव्यवस्था, गंदगी और पर्यटकों से बदसलूकी के वायरल वीडियो को वन विभाग ने गंभीरता से लिया है। प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ) राकेश कुमार ने मामले में सख्त कार्रवाई करते हुए संबंधित ठेकेदार को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। साथ ही, पार्किंग शुल्क वसूली का ठेका अग्रिम आदेश तक निलंबित कर दिया गया है, जिससे अब फिलहाल पर्यटकों से किसी प्रकार की वसूली नहीं की जाएगी।
वन विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार, जांच के दौरान यह पाया गया कि पर्यटन स्थल पर साफ-सफाई की स्थिति बेहद खराब थी और ठेकेदार द्वारा निर्धारित शर्तों का पालन नहीं किया जा रहा था। इसके अलावा, सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में पर्यटकों के साथ अभद्र व्यवहार, मारपीट और अवैध वसूली के मामले भी सामने आए, जिसे विभाग ने गंभीर लापरवाही माना।
पर्यटकों को मिलेंगी सुविधाएं
बताया गया कि वाराणसी निवासी ठेकेदार चंदन मिश्रा को लखनिया दरी जलप्रपात पर पार्किंग शुल्क वसूली का ठेका दिया गया था। ठेका मिलने के बाद से ही वहां विवाद की स्थिति बनी हुई थी। पर्यटकों ने आरोप लगाया कि पार्किंग और प्रवेश शुल्क के नाम पर सड़कों पर खड़े वाहनों से भी वसूली की जा रही थी, जिससे आए दिन विवाद की स्थिति उत्पन्न हो रही थी।
29 मार्च को भी कुछ पर्यटक पिकनिक मनाने के लिए जलप्रपात पहुंचे थे, जहां पार्किंग और प्रवेश शुल्क को लेकर ठेकेदार के कर्मचारियों और पर्यटकों के बीच कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों में मारपीट भी हुई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। इस घटना के बाद विभागीय अधिकारियों ने मामले का संज्ञान लिया और कार्रवाई शुरू की।
डीएफ ने दिए सख्त निर्देश
डीएफओ राकेश कुमार ने बताया कि ठेका नियम और शर्तों के अधीन दिया गया था, जिसका पालन न करने की स्थिति में दंडात्मक कार्रवाई का प्रावधान है। इसी के तहत ठेकेदार को नोटिस जारी किया गया है और स्पष्टीकरण मांगा गया है। साथ ही, ठेके के तहत जमा कराई गई जमानत धनराशि को भी जब्त कर लिया गया है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक ठेकेदार संतोषजनक जवाब नहीं देता और व्यवस्थाओं में सुधार नहीं होता, तब तक पार्किंग शुल्क की वसूली पूरी तरह बंद रहेगी। इस अवधि में ठेकेदार को किसी प्रकार का भुगतान भी नहीं किया जाएगा।
वन विभाग की इस कार्रवाई से लखनिया दरी जलप्रपात पर आने वाले पर्यटकों को बड़ी राहत मिली है। विभाग ने संकेत दिया है कि भविष्य में भी नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ इसी तरह सख्त कदम उठाए जाएंगे, ताकि पर्यटन स्थलों पर बेहतर व्यवस्था और सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।