UP: तीर्थ पुरोहितों की आमसभा ने कार्यकारी अध्यक्ष पर लगाई मुहर, जिला प्रशासन ने नियुक्ति पर जताई थी आपत्ति
मां विंध्यवासिनी मंदिर व्यवस्थापिका समिति के चुनाव को लेकर नगर मजिस्ट्रेट और विंध्य विकास परिषद के सचिव ने पत्र जारी किया है। वहीं, समिति की बैठक में आमसभा ने कार्यवाहक अध्यक्ष के लिए अपनी मुहर लगा दी है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
Vindhyachal Mata Mandir: मां विंध्यवासिनी मंदिर व्यवस्थापिका समिति की ओर से बुधवार को आमसभा बुलाई गई। मंदिर की छत पर हुई आमसभा में जुटे तीर्थ पुरोहितों ने सर्वसम्मति से अवनीश मिश्रा को कार्यवाहक अध्यक्ष माना।
आमसभा के बाद कार्यवाहक अध्यक्ष अवनीश मिश्रा ने पत्रकारों से कहा कि व्यवस्थापिका समिति ने उन्हें कार्यवाहक अध्यक्ष चुना है। वहीं, नगर मजिस्ट्रेट व विंध्य विकास परिषद के सचिव ने एक पत्र दिया, जिसमें कहा गया है कि प्रशासन ने उन्हें कार्यवाहक अध्यक्ष नहीं माना। पत्र में कई तरह के कारण बताए गए हैं।
इसके लिए व्यवस्थापिका समिति की बैठक बुलाई गई। इसमें निर्णय लिया कि अवनीश मिश्रा ही कार्यवाहक अध्यक्ष होंगे। इसके बाद शाम चार बजे आमसभा में सर्वसम्मति से कार्यवाहक अध्यक्ष के फैसले पर मुहर लगा दी गई।
उन्होंने कहा कि अब किसी भी व्यवस्था के लिए जिला प्रशासन पत्र देगा और पंडा समाज आमसभा में उसकी संस्तुति करेगा। उसके बाद ही यहां कोई काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रशासन का कोई हस्तक्षेप बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
हमारी कमेटी प्रशासन का सहयोग कर श्रद्धालुओं के लिए व्यवस्था करेगी। कहा कि प्रशासन ने जो आरोप उनके ऊपर लगाया है, उसमें अदालत ने क्लीन चिट दे दी है। आमसभा के दौरान एडीएम, एएसपी, एसडीएम और सीओ पुलिस बल के साथ मौजूद थे।
प्रशासन ने कार्यवाहक अध्यक्ष पर उठाया था सवाल
नगर मजिस्ट्रेट विनीत उपाध्याय ने सोमवार को पत्र जारी कर श्रीविंध्य पंडा समाज के कार्यवाहक अध्यक्ष की नियुक्ति पर सवाल उठाया था। उन्होंने कहा था कि इस संस्था की नियमावली में कार्यवाहक अध्यक्ष के पद की कोई जगह नहीं है। नियमों का उल्लंघन कर कार्यवाहक अध्यक्ष बनाया गया है, जो स्वीकार्य नहीं है।
श्रद्धालुओं का शोषण करने पर जताई थी आपत्ति
श्रीविंध्य पंडा समाज के कार्यवाहक अध्यक्ष अवनीश मिश्रा ने कहा कि मंगलवार को जो वीडियो वायरल हुआ था, उसमें उनका सिर्फ इतना कहना था कि मंदिर में जांच किसके आदेश पर हो रही है। श्रद्धालुओं का शोषण किया जा रहा था, जिस कारण उन्होंने आपत्ति की थी।
कार्यवाहक अध्यक्ष बनते ही शुरू हो गया था टकराव
श्रीविंध्य पंडा समाज के अध्यक्ष पंकज द्विवेदी ने अवनीश मिश्रा को तीन दिन पहले कार्यवाहक अध्यक्ष बनाया था। मंगलवार को उनका कार्यकाल शुरू हुआ था। अवनीश मिश्रा के कार्यवाहक अध्यक्ष बनते ही जिला प्रशासन से उनका टकराव शुरू हो गया था। सरकारी कर्मचारियों से उनकी बहस का वीडियो वायरल हो गया। इसके बाद ही नगर मजिस्ट्रेट ने पत्र जारी कर उनके चयन पर सवाल खड़ा कर दिया। बुधवार को उनके ऊपर मुकदमा भी दर्ज हो गया। इन सबके बावजूद आमसभा में पुरोहितों ने उनको अपना अध्यक्ष माना।