मिर्जापुर: गंगा दशहरा पर नदियों और बंधी में नहाते समय दो बहनों समेत चार डूबे, दो बालकों के शव मिले
गंगा दशहरा पर्व के दौरान मिर्जापुर में बड़ी घटना सामने आई है। नदियों और बंधी में स्नान के दौरान दो सगी बहनों समेत चार लोग डूब गए। इनमें से दो बालकों के शव मिल गए, जबकि दोनों बहनों का शाम तक पता नहीं चल सका था।
विस्तार
उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले में गंगा दशहरा पर नदियों और बंधी में नहाने के दौरान दो सगी बहनों समेत चार लोग डूब गए। इनमें से दो बालकों के शव मिल गए, जबकि दोनों बहनों का शाम तक पता नहीं चल सका था। पुलिस गोताखोरों की मदद से तलाश में जुटी है। देर शाम तक बालिकाओं के न मिलने पर एनडीआरएफ को सूचना भेजी गई।
विंध्याचल थाना क्षेत्र के अकोढ़ी गांव निवासी अजय शंकर शुक्ल रविवार की सुबह 10 बजे अपनी एक पुत्री और तीन भतीजियों को लेकर गंगा दशहरा के पर्व पर गुड्डी-गुड्डा का विसर्जन कराने व स्नान कराने के लिए कर्णावती नदी पर आए थे। गुड्डा-गुड्डी बहाने के बाद सभी नदी में स्नान करने लगे।
इस बीच चारों बालिकाएं नदी के गहरे जल में डूूबने लगी। शोर मचाने पर अजय शंकर शुक्ला ने अपनी पुत्री सात वर्षीय सत्या शुक्ला और भतीजी 10 वर्षीय खुशी शुक्ला पुत्री अभय शंकर शुक्ला को बचा लिया। तब तक दो भतीजियां आठ वर्षीय मन्नू और छह वर्षीय रुही डूब गईं। अजय ने काफी प्रयास किया, पर उन्हें नहीं बचा सका।
सूचना पर सीओ सिटी प्रभात राय, थानाध्यक्ष विंध्याचल शेषधर पांडेय मौके पर पहुंचकर गोताखोरों की मदद से खोजबीन शुरू कराया। देर शाम तक खोजबीन की गई पर दोनों बालिकाओं का पता नहीं चल सका। बालिकाओं के डूबने से परिवार में कोहराम मचा है। सीओ सिटी प्रभात राय ने बताया कि डूबी बालिकाओं की तलाश के एनडीआरएफ टीम को बुलाया गया है।
उधर, जिगना थाना क्षेत्र के नगवासी निवासी श्यामजी का 11 वर्षीय पुत्र पंकज कुमार अपने साथियों के साथ गंगा में स्नान करने गया था। स्नान करते समय वह डूबने लगा तो अन्य बच्चों ने शोर मचाया। लोग पंकज को खोजकर बाहर निकाला। परिजन उसे चिकित्सक के पास ले गए, जहां डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। वह तीन भाइयों में सबसे छोटा था। बच्चे की मौत से परिवार में कोहराम मच गया है।
वहीं, हलिया थाना क्षेत्र के हर्रा गांव निवासी गौरीशंकर का 10 वर्षीय पुत्र सत्यम गांव के बच्चों के साथ घर से दो सौ मीटर दूर स्थित हर्रा बंधी में स्नान करने के लिए गया था। बंधी के गहरे पानी में जाकर बालक डूब गया। बच्चों ने परिजनों को जानकारी दी।
परिजनों ने बालक को पानी से बाहर निकालकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर लेकर आए। जहां प्रभारी चिकित्साधिकारी डा. अभिषेक जायसवाल ने बालक को मृत घोषित कर दिया। बालक प्राथमिक विद्यालय हर्रा का कक्षा तीन का छात्र था। वह दो भाइयों में सबसे बड़ा था।
दो बहनों के डूबने से परिवार में कोहराम
विंध्याचल के अकोढ़ी निवासी अभय कुमार दो भाई है। छोटा भाई अजय शुक्ला है। अभय दिल्ली में किसी प्राइवेट कंपनी में काम करता है। अजय घर पर रहकर खेती करता है। अभय को तीन पुत्रियां और अजय को एक पुत्री है। रविवार को हादसे में अजय और अभय की चारों पुत्रियां डूब रही थी। इसमें अजय ने अपनी पुत्री और बड़े भाई की बड़ी पुत्री को बचा लिया, पर दो भतीजियों को बचाने में असफल रहा। दो सगी बहनों के डूबने से परिवार में तो कोहराम मचा ही है, ग्रामीण भी घटना से मर्माहत है।
दूसरे दिन लतीफशाह कुंड में मिला मिर्जापुर के युवक का शव
मिर्जापुर जिले के जमुआ बाजार निवासी अमन मोदनवाल (21) शनिवार को दोस्तों के साथ मौसम का आनंद लेने चकिया कोतवाली के लतीफशाह वीयर पर पहुंचा। कुंड में स्नान करते समय अमन मोदनवाल गहरे पानी में चला गया। पत्थर के चट्टान में फंस कर वह डूब गया। अमन को डूबता देख दोस्तों ने मौजूद लोगों और पुलिस कर्मियों को सूचना दी। गोताखोरों की मदद से डूबे युवक की खोज आरंभ कर दी लेकिन देर रात तक युवक का पता न चलने पर खोज बंद कर दिया गया। रविवार की सुबह कुंड में युवक का शव उतराया देख पुलिस ने गोताखोरों की मदद से उसे बाहर निकाला।