यूपी: मिर्जापुर के जंगलों में लगी भीषण आग, प्रशासन के साथ एनडीआरएफ ने संभाला मोर्चा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले के ड्रमंडगंज रेंज के जंगलों में भीषण आग लग गई और तेज हवाओं के कारण आग और तेजी से फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन द्वारा एनडीआरएफ की टीम को वाराणसी मुख्यालय से सहयोग करने के लिए बुलाया गया। कमांडेंट मनोज कुमार शर्मा के निर्देशन में एक टीम तुरंत कार्रवाई करते हुए घटनास्थल पर पहुंची।
मौके पर वन विभाग के कर्मचारी आग बुझाने में लगे हुए थे, जिन्हें सहयोग करने के लिए एनडीआरएफ की टीम तत्परता के साथ आगे बढ़ी और जंगल की फैलती हुई आग को रोकने का भरसक प्रयास किया। बाबूरा रघुनाथपुर, करणपुर, सिघोर और लहुरियादाह पहाड़ी के जंगलों में आग बुझा दी। दुर्गम पहाड़ी और घनी कंटीली झाड़ियों वाला इलाका होने के कारण फायर टैंकर भी उस जगह तक पहुंचने में असमर्थ थे।
टीम ने देर रात तक आग बुझाने का कार्य किया, जिसमें आग को बुझाना और आग को दूसरे जंगलों में न लगे उसके बीच में दूरी बनाने के लिए ट्रेंच बनाने का काम किया। स्थिति सामान्य होने पर अल्पविराम के बाद सुबह में टीम फिर से वन विभाग के कर्मियों के साथ पहाड़ी जंगलों का निरीक्षण करने के लिए पैदल निकल गई।
जानकारी मिलने तक टीम करीब दस किलोमीटर इलाके में निरीक्षण कर चुकी है, जिन जगहों पर धुएं और अधजली हुई झाड़ियां मौजूद थीं टीम ने उसे बुझा दिया है। स्थिति अभी सामान्य बनी हुई है।
एनडीआरएफ टीम के कमांडर मिथिलेश कुमार और उनके सभी बचाव कर्मी पूरी तत्परता से इस अभियान में आगे बढ़ रहे हैं। आग कैसे लगी, इसका पता वन विभाग द्वारा लगाया जा रहा है।