मिर्जापुर। आरपीएफ और डिटेक्टिव विंग प्रयागराज की टीम ने संयुक्त रूप से अभियान चलाकर बुधवार को कटरा कोतवाली क्षेत्र के शुक्लहा मोहल्ले में एक दुकान से एक व्यक्ति को फर्जी तरीके से पर्सनल यूजर आईडी से रेलवे टिकट बनाने के आरोप में पकड़ा है। वह काफी समय से मनी ट्रांसफर और किराना की दुकान की आड़ में ये धंधा कर रहा था। आरपीएफ ने उसके पास से टिकट बनाने की मशीन और टिकट बिक्री का पैसा आदि भी बरामद किया है।
आरपीएफ प्रभारी दिनेश कुमार ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली कि शुक्लहा मोहल्ला स्थित एक दुकान में फर्जी तरीके से रेलवे के टिकट बनाए जा रहे हैं। आरपीएफ ने डिटेक्टिव विंग प्रयागराज की टीम के साथ दुकान में दबिश देकर सुधांशु भारती निवासी शुक्लहा कोतवाली कटरा को गिरफ्तार कर लिया। दुकान से एक लैपटाप, एक की-बोर्ड, एक माउस, एक मोबाइल, 1000 रुपये नकद बरामद हुए। दिनेश कुमार ने बताया कि आरोपी युवक ऑनलाइन पैसे ट्रांसफर करने व किराना की दुकान की आड़ में काफी समय से ये धंधा कर रहा था। आरोपी पर्सनल यूजर आईडी पर ई-टिकट बनाकर जरूरतमंदों को मूल्य से 250 से 300 रुपये अधिक लेकर बेचने का कार्य करता था। उसके खिलाफ रेलवे एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। आरपीएफ प्रभारी ने बताया कि आरोपी पर पूर्व में भी रेलवे एक्ट के तहत दो बार मुकदमा दर्ज किया जा चुका है। वह काफी समय से फर्जी टिकट बनाने के धंधे में संलिप्त है।