मिर्जापुर। मोर्चाघर स्थित मुख्य अभियंता वितरण के कार्यालय में बृहस्पतिवार को विद्युत निगम के निदेशक राजेंद्र प्रसाद ने राजस्व वसूली की समीक्षा की। इस दौरान मंडल में कम वसूली पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताई और मंडलीय अधिकारियों से इसका जवाब मांगा। इसके साथ ही उन्होंने बकाया वसूली के लिए अभियंताओं को रणनीति बनाकर काम करने का निर्देश भी दिया।
निदेशक ने मुख्य अभियंता वितरण गुलाम मुस्तफा, मुख्य अभियंता प्रशासन सर्वेश खरे, अधीक्षण अभियंता राम बुझारत के अलावा मिर्जापुर व भदोही के अधिशासी अभियंताओं के साथ बैठक की। इस दौरान मिर्जापुर मंडल में बकाया वलूली कम होने पर नाराजगी जताई। उन्होंने मिर्जापुर मंडल मंडल की स्थिति वसूली के मामले में शोचनीय है। उन्होंने नाराजगी जताते हुए इसका जवाब भी मांगा। उन्होंने अभियंताओं से कहा कि राजस्व वसूली को लेकर उनकी क्या रणनीति है और राजस्व वसूली की गति कैसे बढ़ाएंगे, इस बारे में जवाब देेने को कहा। उनका कहना था कि यदि लोगों को बिजली आपूर्ति होगी तो बिल की वसूली भी करनी होगी। सरकार को राजस्व देना होगा। तभी पर्याप्त बिजली मिल सकेगी। उन्होंने अभियंताओं को अपने प्रखंड में बकाए का लक्ष्य बनाकर वसूली करने की हिदायत दी। कहा कि अभियंता बकायेदारों को जागरूक करें और कड़ी कार्रवाई भी करें, तभी राजस्व वसूली में सुधार हो सकता है। मंडल अभियंता राम बुझारत ने उनको मंडल में राजस्व प्राप्ति व लक्ष्य के बारे में जानकारी दी।