कछवां। कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव राजेश तिवारी के सामने ही कांग्रेस नेता आपस में भिड़ गए। मारपीट के साथ ही एक-दूसरे पर कुर्सियां भी फेकी गईं। मारपीट की इस घटना में कांग्रेस के एक कार्यकर्ता का सिर फट गया।
कछवां के एक उत्सव वाटिका में बुधवार को मझवां विधानसभा की खाली सीट के लिए होने वाले उपचुनाव को लेकर कांग्रेस की तैयारी बैठक आयोजित की गई थी। बताया जा रहा है कि कांग्रेस के मझवां ब्लॉक इकाई के अध्यक्ष राजन उपाध्याय ने पार्टी के वरिष्ठ नेता इब्राहिम को मंच पर चढ़ने से रोका। इसको लेकर पहले राजन और इब्राहिम के बीच कहासुनी हुई। उसके बाद दोनों के बीच कुर्सियां चलने लगीं। मारपीट की इस घटना में इब्राहिम का सिर फट गया। उधर, बैठक के दौरान कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव व उत्तर प्रदेश के प्रभारी राजेश तिवारी ने कहा कि इंडी गठबंधन मझवां विधानसभा उपचुनाव मजबूती से लड़ेगा। उन्होंने कहा कि जनता अब बदलाव चाहती है। भाजपा सरकार ने जनता को ठगने का काम किया है। बैठक के दौरान विधायक व मझवां विधानसभा उपचुनाव के लिए कांग्रेस की तरफ से पर्यवेक्षक बनाए गए वीरेंद्र चौधरी ने कहा कि गांव-गांव जाकर संगठन को ब्लॉक, न्याय पंचायत व बूथ स्तर तक मजबूत किया जाएगा।संचालन कांग्रेस के जिलाध्यक्ष डॉ. शिव कुमार सिंह पटेल ने किया। बैठक में कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष मनीष मिश्रा, मकसूद खान, राघवेंद्र प्रताप सिंह, प्रदेश महासचिव सरिता पटेल, देवेंद्र प्रताप सिंह, विजेंंद्र मिश्रा आदि मौजूद रहे।