मिर्जापुर में बालक की हत्या: अगवा कर चाकू से गला रेतकर की हत्या, जमीन में गाड़ दिया शव; आरोपी के घर पथराव
मिर्जापुर जिले में एक बालक की बेरहमी से चाकू से वार कर हत्या कर दी गई। वारदात को अंजाम देने के बाद शव को मिट्टी में गाड़ दिया गया। मौके पर तलाश करते हुए परिजन पहुंचे तो मिट्टी से शव निकालकर आरोपी के घर पहुंचे और पथराव करने लगे।
विस्तार
बलिया जिले में बकरी चराने निकले बजहां गांव निवासी बालक को अगवा कर चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी गई। एक गड्ढे में बालक को फेंककर ऊपर से मिट्टी डाल दी गई। मिट्टी के ऊपर पेड़ की टहनियां रखकर शव को छिपाने का प्रयास भी हुआ। रात में खोजते हुए परिजन पहुंचे और गड्ढे से शव निकाल कर आरोपी के घर पहुंच कर पथराव किया। इसके बाद सीएचसी पहुंचकर आरोपी को फांसी देने की मांग को लेकर शव रखकर प्रदर्शन करने लगे। सूचना पर पहुंचे पुलिस अधीक्षक के समझाने पर परिजन माने। पुलिस ने आरोपी पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
यह है पूरा मामला
बजहा गांव के दलित बस्ती निवासी सचानू का पुत्र आशु (10) रविवार की शाम बकरी चराने निकला था। देर शाम तक जब घर नहीं लौटा तो परिजनों ने खोजबीन शुरू की। लोगों ने बताया कि उसे गांव के पीछे ब्रह्म बाबा मंदिर के पास गैस एजेंसी के बगल में बकरी चराते देखा था। उसके साथ गांव निवासी हिमांशु उपाध्याय भी था। गांव की एक लड़की ने भी आशु को हिमांशु के साथ जाते देखा था। हिमांशु के हाथ में फरसा था।
परिजन हिमांशु उपाध्याय के घर में खोजबीन करने लगे तो उसने कहा कि यहां क्या खोज रहे हो, गैस एजेंसी के पास जाओ। परिजन वहां पहुंचे तो वहां एक गड्ढे में आशु का शव मिट्टी से ढका पाया। परिजन बच्चे के शव को लेकर आरोपी हिमांशु के घर पहुंचे और पथराव किया। इसके बाद शव लेकर सीएचसी पहुंचे। सीएचसी में डॉक्टर ने बालक को मृत घोषित कर दिया।
मौत से आक्रोशित परिजन सीएचसी के पास शव रखकर आरोपी को गिरफ्तार करने व फांसी देने की मांग करने लगे। मौके पर कोतवाली देहात, कोतवाली शहर, चील्ह व चुनार के थाना प्रभारी पुलिस फोर्स के साथ पहुंचे। पुलिस ने परिजनों और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीण उच्चाधिकारियों के आने तक शव नहीं ले जाने पर अड़े रहे। इसके बाद पुलिस अधीक्षक अभिनंदन, एएसपी सिटी नितेश कुमार सिंह व सीओ सदर अमर बहादुर वहां पहुंचे।
पुलिस अधीक्षक के समझाने के पर करीब तीन घंटे बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते समय ग्रामीणों और पुलिस में नोकझोंक भी हुई। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारे भी लगाए।
पुलिस ने किसी तरह ग्रामीणों को खदेड़ा। पुलिस ने आरोपी हिमांशु उपाध्याय पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से हत्या में प्रयुक्त चाकू और फरसा बरामद किया गया।
पुलिस अधीक्षक अभिनंदन का कहना है कि आरोपी हिमांशु उपाध्याय का मकान आशु से घर से 100 मीटर की दूरी पर है। उसने ही धारदार हथियार से बच्चे पर वार किया। इससे उसकी मौत हो गई। उसके बाद शव को छिपा दिया। सुबह खेल-खेल में आशु ने हिमांशु के ऊपर ईंट मार दिया था। इससे हिमांशु ने आक्रोशित होकर इस घटना को अंजाम दिया। आरोपी को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त धारदार हथियार बरामद किए गए हैं।