मिर्जापुर। देहात कोतवाली क्षेत्र के अघौली गांव में सोमवार की सुबह जमीन संबंधी विवाद में दो पक्षों में खूनी संघर्ष हो गया। दोनों पक्ष के लोगों ने धारदार हथियार से हमला किया। मारपीट की इस घटना में दोनों पक्ष के 12 लोग घायल हो गए। घायलों में एक की हालत गंभीर होने पर डॉक्टर ने उसे वाराणसी रेफर कर दिया।
अघौली गांव में सोमवार की सुबह दो पट्टीदार जमीन संबंधी विवाद में आपस में भिड़ गए। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्ष की तरफ से धारदार हथियार हमला किया गया। खूनी संघर्ष में एक पक्ष के मंगल चौहान (50), अरुण चौहान (18), पंकज चौहान (30), अजय चौहान (22), कविता (30), किशन (17) और दूसरे पक्ष के विजेंद्र चौहान (30), अजय (20), रमेश (36), दिलीप (30), सुधरी (65) घायल हो गए। सभी को इलाज के लिए ट्राॅमा सेंटर मिर्जापुर पहुंचाया गया। डॉक्टर ने विजेंद्र की हालत गंभीर देख उसे ट्राॅमा सेंटर वाराणसी रेफर कर दिया। एक पक्ष के अरुण चौहान का आरोप है कि उसकी जमीन पर विपक्षी कब्जा कर रहे हैं और मना करने पर मारपीट की, जबकि दूसरे पक्ष के अजय ने आरोप लगाया कि उसकी जमीन पर विपक्षी कब्जा कर रहे हैं। रोकने पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। देहात कोतवाल अजय सेठ ने बताया कि सरकारी जमीन पर एक पक्ष प्रतिदिन सफाई करता है। दूसरे पक्ष ने वहां गंदगी की थी। सोमवार की सुबह सफाई करते समय एक पक्ष ने गाली दी तो विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर मारपीट हो गई। एक पक्ष की तरफ से तहरीर दी गई है। मामले की जांच कर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।