चुनार। थाना क्षेत्र के कुसुम्ही तितवा मोड़ पर मंगलवार को शाम को सामने से तेज गति से आ रहे हाइवा ने बाइक सवार को टक्कर मार दिया। इस हादसे में बाइक चला रहे युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पीछे बैठा एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस घायल को इलाज के लिए सीएचसी चचेरी मोड़ ले गई। जहां डॉक्टर ने उसे ट्रामा सेंटर वाराणसी रेफर कर दिया।
बाइक सवार मंगलवार को शाम करीब पौने पांच बजे सक्तेशगढ़ की ओर से लौट रहे थे। रास्ते में कुसुम्ही तितवा मोड़ के पास सामने से तेज गति से आ रहे हाइवा ने बाइक में टक्कर मार दिया। हादसे के बाद चालक हाइवा लेकर फरार हो गया। बाइक चला रहे युवक की जेब में मिले आधार कार्ड से उसकी पहचान सूरज कुमार (24) पुत्र विनोद कुमार निवासी नियामतपुर कला थाना अदलहाट के रूप में हुई। हादसे में घायल 48 वर्षीय व्यक्ति के नाम व पता के बारे में जानकारी नहीं हो सकी। सूरज हेल्मेट नहीं लगाया था। चुनार कोतवाल नरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि हाइवा की टक्कर से बाइक चला रहे युवक की मौत हो गई है, जबकि बाइक पर पीछे बैठे व्यक्ति को बेहोशी के हालत में डॉक्टर ने ट्रामा सेंटर वाराणसी रेफर कर दिया है। हादसे में घायल व्यक्ति के नाम और पता की जानकारी करने की कोशिश की जा रही है।