चुनार। स्थानीय थाना क्षेत्र के चेचरी मोड़ पर बुधवार की शाम ट्रेलर की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौके पर मौत हो गई और पीछे बैठा दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद ट्रेलर चालक गाड़ी लेकर फरार हो गया। घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चेचरी मोड़ ले गए। जहा हालत गंभीर देख चिकित्सक ने उसे ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया।
बकिया बाद निवासी 35 वर्षीय प्रमोद कुमार पुत्र फूलचंद बाइक से अपने मित्र 32 वर्षीय ओमप्रकाश पुत्र गिरजा के साथ शाम छह बजे बस स्टैंड से घर वापस आ रहा था। इसी दौरान सामने से तीव्र गति से आ रही ट्रेलर की चपेट में आ गया। इससे मौके पर ही बाइक सवार युवक प्रमोद की मौत हो गई। पीछे बैठा मित्र ओमप्रकाश गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोग उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चेचरी मोड़ ले गए। जहां हालत गंभीर देख चिकित्सक ने उसे ट्रामा सेंटर वाराणसी रेफर कर दिया। इसके बाद घटना से आक्रोशित लोगों ने शव के पास ही चेचरी मोड़ पर जाम लगा दिया। जिससे घंटों वाराणसी-मिर्जापुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर आवागमन बाधित रहा। पुलिस शव को अपने कब्जे में लेने व पोस्टमार्टम कराने के लिए लोगों को समझाने बुझाने में लगी रही, लेकिन लोग ट्रेलर व चालक को गिरफ्तार करने की जिद पर अड़े रहे। लगभग दो घंटे बाद के बाद कोतवाल मनोज कुमार सिंह ने ट्रेलर चालक की गिरफ्तारी के आश्वसन पर जाम को समाप्त कराया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक बिजली सजावट का काम करता था, उसे तीन बच्चें थे। मृतक युवक हेलमेट नहीं पहना था।