चुनार। प्रगतिशील अधिवक्ता मंच ने तहसील में रिक्त चल रहे नायब तहसीलदार के पदों पर तैनाती करने की मांग की है। मंगलवार को हुई संगठन की बैठक में अधिवक्ताओं ने इसके लिए शासन को पत्र भेजने का निर्णय लिया।
अधिवक्ताओं ने कहा कि तहसील क्षेत्र में कुल 684 राजस्व गांव आते हैं। इन गांवों के राजस्व संबंधी कार्यों के संचालन के लिए गांवों को परगना के अनुसार बांटा गया है। न्यायिक और राजस्व संबंधी कार्यों के लिए कुल पांच परगना हवेली, भुईली, अहरौरा, सक्तेशगढ़ और कृयात बनाए गए हैं। सभी परगनों के न्यायिक और राजस्व कार्यों के लिए नायब तहसीलदार के पांच पद सृजित हैं, लेकिन वर्तमान समय में सभी पद रिक्त हैं। अधिवक्ताओं ने कहा कि पद रिक्त होने से तहसील के विभिन्न न्यायालयों में न्यायिक कार्य बाधित हो रहे हैं। साथ ही अन्य राजस्व संबंधी कार्यों के लिए भी अधिवक्ताओं वादकारियों, फरियादियों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। दाखिल खारिज के मुकदमे, खसरा, खतौनी आदि की दुरुस्ती और अन्य राजस्व संबधित कार्य काफी लंबे समय से प्रभावित हैं। इस मौके पर वरिष्ठ अधिवक्ता बीएल सिंह, गुलाब सिंह, रामलखन सिंह यादव, विजय प्रताप सिंह, देवराज, नागेंद्र आदि प्रमुख मौजूद रहे। बैठक की अध्यक्षता ओम प्रकाश सिंह और संचालन अशोक सिंह कुशवाहा ने किया।