मिर्जापुर। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को बाल भिक्षावृत्ति पर रोक लगाकर बच्चों को विद्यालयों में नामांकन कराकर शिक्षा से जोड़ने तथा ट्रांसजेंडर को सरकार की योजनाओं का लाभ दिलाने का निर्देश दिया है।
जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में बीडीओ तथा निकायों के अधिशासी अधिकारियों के साथ बैठक कर रही थीं। उन्होंने अधिकारियों को बाल भिक्षावृत्ति पर रोक लगागने तथा बच्चों को प्राथमिक विद्यालयों, कस्तूरबा गांधी विद्यालयों में नामांकन कराकर शिक्षा से जोड़ने का निर्देश दिया। उन्होंने जनपद में रह रहे ट्रांसजेंडरों को सरकार की संचालित योजनाओं का लाभ दिलाने का भी निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में भिक्षावृत्ति करने वाले परिवारों की सूची बनाकर उनके बच्चों को प्राथमिक विद्यालयों अथवा कस्तूरबा गांधी विद्यालयों में नामांकन कराने के लिए समझाएं। ताकि उन्हें भिक्षावृत्ति से मुक्ति दिलाकर स्वरोजगार से जोड़ा जा सके। इसी प्रकार जिले में रह रहे ट्रांसजेंडरों की सूची तैयार कर उनका आधार कार्ड, आयुष्मान कार्ड बनवाने तथा सरकार की तरफ से संचालित योजनाओं का लाभ दिलाने का भी निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को एक सप्ताह के अंदर चिह्नित कर सूची जिला प्रोबेशन अधिकारी को उपलब्ध कराने की हिदायत दी। बैठक में सीडीओ विशाल कुमार, जिला प्रोबेशन अधिकारी शक्ति त्रिपाठी, परियोजना निदेशक अजय प्रताप सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी गिरीश चन्द्र आदि मौजूद रहे।