Mirzapur News: विद्यार्थी सूचना अपडेट नहीं, 897 स्कूलों को नोटिस, बारिश के कारण आज विद्यालय बंद; जानें अपडेट
यूपी के मिर्जापुर जिले में 897 विद्यालयों को नोटिस भेजी गई है। मामला यू-डायस पोर्टल पर स्टूडेंट प्रोग्रेशन से जुड़ा हुआ है। वहीं, भारी बारिश के बाद 17 जुलाई को स्कूल बंद करने के लिए निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
विस्तार
बीएसए अनिल कुमार वर्मा ने बताया कि एक जुलाई को यह काम 15 दिनों में पूरा करने के लिए कहा गया था। इस संबंध में जारी पत्रों के अतिरिक्त दैनिक प्रगति व्हाट्एप के माध्यम से शेयर की जाती है। बताया कि प्रधानाध्यापकों व प्रभारी प्रधानाध्यापकों को बार-बार निर्देश देने बावजूद यू-डायस पोर्टल पर स्टूडेंट प्रोग्रेशन की दो-तीन प्रविष्टियों को पूरा नहीं किया जा रहा है।
ऐसे में जिले के 883 परिषदीय व 14 शासकीय सहायता प्राप्त विद्यालयों को मानव संपदा पोर्टल के माध्यम से नोटिस जारी कर 17 जुलाई तक यह काम पूरा करने की हिदायत दी गई है। कहा कि निर्धारित तिथि तक काम पूरा न करने वाले प्रधानाध्यापकों या प्रभारी प्रधानाध्यापकों को प्रतिकूल प्रविष्टि देते हुए उसको मानव संपदा पोर्टल पर अंकित किया जाएगा।
लगातर बारिश के चलते सभी बोर्ड के स्कूल बंद
मिर्जापुर में भारी बारिश के चलते 17 जुलाई को सभी बोर्ड के स्कूल बंद रहेंगे। कक्षा एक से आठ तक के सभी विद्यालय छात्रों के लिए बंद रहेंगे। परिषदीय विद्यालय के शिक्षक विद्यालय में उपस्थित होकर डीबीटी, स्कूल चलो अभियान, यू डायस प्लस एवं अन्य विभागीय कार्यों का काम करेंगे। जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन के निर्देश पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनिल कुमार वर्मा ने आदेश जारी किया है। जनपद में दो दिनों से रुक-रुक कर हो रही बारिश और भारी बारिश के चलते कई जगह जल भराव की स्थिति उत्पन्न हो गई है।