लालगंज। मानसून की पहली बारिश के बाद लहंगपुर उपकेंद्र की बिजली आपूर्ति व्यवस्था ध्वस्त हो गई है। इसके चलते मंगलवार की रात से 27 गांवों की लगभग 35 हजार आबादी उमस भरी गर्मी में दिन और रात गुजार रही है। मरीज, महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग परेशान हैं।
बारिश शुरू होते ही लहंगपुर उपकेंद्र के मुख्य फीडर के इंसुलेटर में पैदा हुई गड़बड़ी कर्मचारी दो दिन तक प्रयास के बाद भी दूर नहीं कर सके हैं। ग्रामीणों का कहना है कि बारिश शुरू होते ही इंसुलेटर की गड़बड़ी पैदा हो जाती है। जब भी बारिश होती है तो इंसुलेटर में गड़बड़ी पैदा हो जाती है। उपभोक्ता संतोष जायसवाल का कहना है कि बिजली आपूर्ति व्यवस्था अक्सर ठीक नहीं रहती है। लहंगपुर, गगहरा कला, गगहरा खुर्द, रेही, मझियार, बामी, फटहवा, धसड़ा, वीरितिया, पटेल नगर, राजापुर, कलवारी खुर्द, पांडेयपुर, बेलाही, मड़वा नेवादा, चितांग, इस्लामपुर, कोल्हुआ, तेंदुआ कला, तेंदुआ खुर्द, रामपुर मड़वा, पगार, फुचईपुर, भूसी पथरहा, तुर्कहा, कलवारी कला समेत 27 गांवों में लोग अंधेरे में रात गुजारने को विवश हैं। उपरौध अधिवक्ता समिति के पूर्व अध्यक्ष कलवारी गांव निवासी अनिल शुक्ला का कहना है कि लहंगपुर उपकेंद्र से आपूर्ति व्यवस्था की विशेष मॉनिटरिंग किए जाने की जरूरत है। उधर, विद्युत वितरण खंड के अवर अभियंता का कहना है कि गड़बड़ी दूर करने के लिए काम चल रहा है। जल्दी ही आपूर्ति सामान्य कर दी जाएगी।