मिर्जापुर। भाजपा, अपना दल एस और निषाद पार्टी की संयुक्त प्रत्याशी अनुप्रिया पटेल लोकसभा चुनाव में जीत दर्ज कर लगातार दूसरी बार सांसद चुनी गईं। गुरुवार को मतगणना के बाद रात करीब पौने आठ बजे परिणामों की घोषणा हुईं। डीएम अनुराग पटेल ने उन्हें प्रमाण पत्र प्रदान कर विजेता घोषित किया। अनुप्रिया पटेल ने सपा, बसपा महागठबंधन के प्रत्याशी रामचरित्र निषाद को दो लाख 32 हजार 008 वोट से शिकस्त दी। अनुप्रिया पटेल को पांच लाख 91 हजार 564 वोट मिले, जबकि रामचरित्र निषाद को तीन लाख 59 हजार 556 वोट मिले। कांग्रेस के ललितेशपति त्रिपाठी एक लाख का आंकड़ा नहीं छू से। उन्हें महज 91 हजार 501 वोट मिले।
जिले की संसदीय सीट के लिए मतगणना सुबह आठ बजे पालीटेक्निक कालेज में शुरू हुई। तकनीकी कारणों से करीब आधे घंटे की देरी से शुरू हुई मतगणना में 33 चक्रों तक चली। अनुप्रिया पटेल ने पहले चक्र से ही बढ़त बनानी शुरू कर दी थी जो अंत तक कायम रही। एक भी चक्र में अनुप्रिया पटेल पीछे नहीं हुई। सभी दलों के प्रतिनिधि मतगणना स्थल पर जमे रहे। प्रत्याशियों में केवल कांग्रेस के ललितेशपति त्रिपाठी ही दिन में मतगणना स्थल पर मौजूद दिखे। सपा के रामचरित्र निषाद मतगणना स्थल पर नहीं गए। अनुप्रिया पटेल परिणाम घोषित होने के बाद शाम को मतगणना स्थल पर पहुंची और लोगों का अभिवादन किया। डीएम अनुराग पटेल ने प्रमाण पत्र दिया। मतगणना स्थल पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। कमिश्नर एके सिंह, डीआईजी पीयूष श्रीवास्तव ,एसपी अमित कुमार सुरक्षा का जायजा लेते रहे।
------------------
किसे कितने मत मिले
------------------------
अनुप्रिया पटेल, अपना दल एस, भाजपा-591564
रामचरित्र निषाद,सपा-359556
ललितेशपति त्रिपाठी,कांग्रेस-91501
अर्चना मिश्रा,सत्य बहुमत पार्टी-9206
आदेश त्यागी, भारत प्रभात पार्टी-7921
आशीष कुमार त्रिपाठी,प्रगतिशील समाजवादी पार्टी-4024
जीरा देवी, कम्युनिस्ट पार्टी आफ इंडिया-8553
दिनेश कुमार पाल,राष्ट्रीय समाज पक्ष-7145
राधेश्याम इंसान,भारतीय रिपब्लिकन पार्टी-14142