बागपत: इंजेक्शन लगने के बाद महिला की मौत, परिजनों का हंगामा, चिकित्सक के खिलाफ एफआईआर
बागपत के बौढ़ा गांव में बुखार का उपचार कराने गई 45 वर्षीय ममता की इंजेक्शन लगने के कुछ देर बाद मौत हो गई। परिजनों ने अप्रशिक्षित चिकित्सक पर लापरवाही का आरोप लगाया।
विस्तार
बागपत जनपद के छपरौली क्षेत्र के बौढ़ा गांव में सोमवार शाम बुखार का उपचार कराने गई 45 वर्षीय महिला की इंजेक्शन लगने के कुछ देर बाद मौत हो गई। परिजनों ने गांव के ही एक अप्रशिक्षित चिकित्सक पर बिना जांच इंजेक्शन लगाने और ओवरडोज देने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को शांत कराया और चिकित्सक को हिरासत में लेकर थाने ले गई। महिला के बेटे की शिकायत पर चिकित्सक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
बौढ़ा गांव निवासी ममता (45) बुखार से पीड़ित थीं। उनके बेटे आकाश के अनुसार, सोमवार शाम उनकी मां गांव के ही एक क्लीनिक पर उपचार कराने गई थीं। आरोप है कि वहां चिकित्सक ने बिना जांच किए उन्हें इंजेक्शन लगा दिया। इसके कुछ देर बाद ममता की हालत बिगड़ गई।
महिला की मौत की सूचना पर परिजनों और ग्रामीणों ने क्लीनिक पर हंगामा किया। पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को शांत कराया। पुलिस ममता को बड़ौत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले गई, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
चिकित्सक हिरासत में, बेटे की शिकायत पर प्राथमिकी
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। चिकित्सक को हिरासत में लेकर थाने लाया गया। जांच अधिकारी इंस्पेक्टर प्रभाकर कैंतुरा ने बताया कि मृतका के बेटे आकाश ने चिकित्सक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। मामले में सीएमओ स्तर से भी जांच कराई जाएगी। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
बागपत में अप्रशिक्षित चिकित्सकों के उपचार को लेकर पहले भी सवाल उठ चुके हैं। 25 अक्टूबर को सिनौली गांव में जयकुमार कश्यप (47) की मौत हो गई थी। आरोप था कि अप्रशिक्षित चिकित्सक ने बिना जांच किए उन्हें इंजेक्शन लगाया था। अब बौढ़ा गांव में ममता की मौत के बाद ऐसे क्लीनिकों में इलाज और स्वास्थ्य विभाग की निगरानी को लेकर फिर सवाल उठ रहे हैं।
ममता के परिवार में चार बेटे और एक बेटी हैं। उनके पति गांव में ही मजदूरी करते हैं। महिला की मौत से परिवार में शोक का माहौल है।