Double Murder: मां-बेटी के हत्यारोपी की पत्नी घर से लापता, संपत्ति की जांच में जुटी एलआईयू
परतापुर के भूड़बराल में 28 मार्च को शमशाद ने प्रिया उर्फ पूनम और उसकी मासूम बच्ची कशिश की गला घोटकर हत्या कर दी थी। करीब 115 दिन बाद पुलिस ने मां-बेटी के कंकाल आरोपी शमशाद के घर से बरामद किए हैं। इस मामले में पुलिस की काफी किरकिरी भी हुई।
मां-बेटी की पैरवी करने वाली महिला चंचल को तीन महीने तक पुलिस उत्पीड़न झेलना पड़ा। पुलिस की लापरवाही के चलते एसएसपी ने इंस्पेक्टर क्राइम जितेंद्र सिंह को लाइन हाजिर और चौकी इंचार्ज बीर सिंह को सस्पेंड कर दिया। इस मामले में पुलिस की घोर लापरवाही उजागर हुई।
वारदात में मुख्य आरोपी शमशाद के साथ पत्नी अफसाना भी शामिल थी, जो वारदात के बाद बिहार चली गई थी। उसकी तलाश में परतापुर थाना पुलिस बिहार गई थी। शनिवार को पुलिस खाली हाथ लौट आई।
इंस्पेक्टर का कहना है कि आरोपी अफसाना घर से लापता हो गई है। वहीं, शनिवार को पुलिस ने मुख्य आरोपी शमशाद के सहयोगी नकुल को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया। आरोप है कि उसने साक्ष्य छुपाने का काम किया है। इंस्पेक्टर क्राइम व दरोगा पर कार्रवाई के बाद भी थाने के अन्य पुलिसकर्मियों के खिलाफ भी कार्रवाई हो सकती है। इस मामले में शमशाद का साला दिलावर भी फरार चल रहा है।
संपत्ति की जांच में जुटी एलआईयू
दोहरे हत्याकांड के मुख्य आरोपी शमशाद की संपत्ति की जांच एलआईयू व पुलिस विभाग कर रहा है। परतापुर के भूड़बराल से लेकर बिहार तक शमशाद की संपत्ति का ब्यौरा और संपत्ति के स्रोत का पता लगाया जाएगा। इन सभी के साथ कई बिंदुओं की जांच कर एलआईयू की टीम कार्रवाई करेगी।
दोस्ती का फर्ज अदा किया
मोदीनगर की रहने वाली चंचल मृतका प्रिया की दोस्त थी। प्रिया उससे हर बात सांझा करती थी। प्रिया व उसकी बेटी कशिश के लापता होने के बाद से ही चंचल पुलिस को लगातार शमशाद के खिलाफ शिकायत कर रही थी, लेकिन उसकी कोई सुनवाई नहीं कर रही थी। चंचल ने कहा सहेली को इंसाफ दिलाने के लिए उसने अपनी जान की परवाह किए बिना हत्यारोपियों को उनके अंजाम तक पहुंचाया।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/