{"_id":"6ada0213e79689290d0362fb","slug":"west-up-top-news-farmer-shot-dead-in-bijnor-woman-killed-in-meerut-farmers-protest-2026-10-22","type":"story","status":"publish","title_hn":"वेस्ट यूपी से खबरें: बिजनौर में किसान की गोली मारकर हत्या, मेरठ में महिला की मौत; टोल पर किसानों का धरना","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
वेस्ट यूपी से खबरें: बिजनौर में किसान की गोली मारकर हत्या, मेरठ में महिला की मौत; टोल पर किसानों का धरना
Thu, 22 Oct 2026 06:04 PM IST
Dimple Sirohi
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मेरठ
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मेरठ
Published by: Dimple Sirohi
Updated Thu, 22 Oct 2026 06:04 PM IST
सार
वेस्ट यूपी की सात बड़ी खबरें: बिजनौर में किसान की गोली मारकर हत्या, मेरठ के लावड़ में महिला की मौत, हिंडन नदी में युवक का शव मिला, सिखेड़ा टोल पर किसानों का धरना, शामली में मेले में मारपीट और एमएलसी चुनाव की तैयारियां।
विज्ञापन
Meerut बुलेटिन में प्रमुख खबरों पर नज़र, मेरठ समेत आसपास के शहरों के बड़े अपडेट्स
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
बागपत: कॉलेज में बवाल के बाद 14 पुलिसकर्मी लाइन हाजिर, चौकी प्रभारी सीमा और दरोगा आलोक कुमार पर भी कार्रवाई
विज्ञापन
बागपत के अहमदशाहपुर पदड़ा गांव स्थित शास्त्री स्मारक इंटर कॉलेज में हुए बवाल के बाद पुलिस विभाग में बड़ी कार्रवाई की गई है। सीओ की जांच रिपोर्ट में अग्रवाल मंडी टटीरी पुलिस चौकी पर तैनात पुलिसकर्मियों की लापरवाही सामने आने के बाद एसपी पूर्णेंदु सिंह ने चौकी प्रभारी सीमा सिंह, दरोगा आलोक कुमार समेत 14 पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया।
विज्ञापन
कॉलेज में बुधवार सुबह परीक्षा देने आए छात्रों पर हमला होने के बाद विवाद बढ़ गया था। मामले में पुलिस ने दोनों पक्षों के 21 नामजद और 50 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर सात आरोपियों को गिरफ्तार किया था। एसपी के आदेश पर अग्रवाल मंडी टटीरी चौकी प्रभारी सीमा सिंह, दरोगा आलोक कुमार, महिला हेड कांस्टेबल कोमल, हेड कांस्टेबल कैलाश, शिवदत्त, कन्हैया लाल, राकेश कुमार, करतार सिंह, राजकुमार, गजेंद्र सिंह, विपिन कुमार और कांस्टेबल अभिषेक, विशाल पंवार व लवकुश को लाइन हाजिर कर दिया गया।
विज्ञापन
कॉलेज में हुए बवाल के बाद एक ही चौकी पर तैनात 14 पुलिसकर्मियों के खिलाफ हुई इस कार्रवाई से पुलिस विभाग में हलचल है।
बिजनौर: खेत की जुताई करने गए किसान की गोली मारकर हत्या, ट्रैक्टर पर मिला लहूलुहान शव
बिजनौर के चांदपुर क्षेत्र के केलनपुर गांव में 50 वर्षीय किसान विजयपाल सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बुधवार देर शाम विजयपाल ट्रैक्टर लेकर खेत की जुताई करने गए थे। देर रात तक घर नहीं लौटे तो परिजनों को चिंता हुई। उनकी पत्नी ने कई बार फोन किया, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुई। परिवार ने रिश्तेदारों से भी संपर्क किया, मगर कोई जानकारी नहीं मिली।
इसके बाद परिजन उनकी तलाश में खेत की ओर पहुंचे। वहां ट्रैक्टर की सीट पर विजयपाल का खून से लथपथ शव पड़ा मिला। परिजनों के अनुसार, उनके शरीर पर गोली लगने के दो निशान थे। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच की। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। हत्या के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पैरा एशियन गेम्स 2026: पैरा तीरंदाजी में मेरठ की बहू स्वाति चौधरी ने जीता रजत पदक
मेरठ के लिए गर्व की खबर है। जयदेवी नगर में ब्याही पैरा तीरंदाज स्वाति चौधरी ने पैरा एशियन गेम्स में रजत पदक जीतकर अपनी उपलब्धियों में एक और कामयाबी जोड़ ली है। उन्होंने तीरंदाजी की डब्ल्यू-1 श्रेणी में फाइनल तक का सफर तय किया। खिताबी मुकाबले में उन्हें चीन की पैरा तीरंदाज के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा और रजत पदक मिला। स्वाति इससे पहले भी कई अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतकर देश का नाम रोशन कर चुकी हैं।
मेरठ: डंपर ने महिला को कुचला, दो घंटे तक हंगामा
मेरठ के लावड़ कस्बे के मुख्य बाजार में बृहस्पतिवार को कंकरीट से भरे डंपर की चपेट में आने से सुनीता (32) की मौत हो गई। वह दौराला थाना क्षेत्र के पनवाड़ी गांव निवासी धीर सिंह की पत्नी थीं और अपने बेटे तरुण के साथ बाइक से सामान लेने बाजार आई थीं।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के सामने बाइक का हैंडल डंपर से टकराने के बाद बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। पीछे बैठी सुनीता डंपर के नीचे आ गईं और पहिया उनके ऊपर से गुजर गया। उनकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तरुण को मामूली चोट आई।
इंचौली थाना पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भिजवा दिया। इसकी जानकारी मिलने पर परिजन शव वापस मंगवाने की मांग करने लगे। ग्रामीण डंपर के आगे बैठ गए और विरोध शुरू कर दिया। हंगामे की सूचना पर सीओ सदर देहात सुधीर सिंह कई थानों की पुलिस के साथ पहुंचे। करीब दो घंटे तक समझाने के बाद परिजन शांत हुए। पुलिस के अनुसार, तहरीर के आधार पर चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।
बागपत: हिंडन नदी में डूबे युवक का शव पुल के नीचे मिला, संतुलन बिगड़ने से हुआ था हादसा
बागपत के बालैनी क्षेत्र में हिंडन नदी में डूबे 25 वर्षीय अमित वाल्मीकि का शव गुरुवार सुबह बरामद हुआ। जानी क्षेत्र के रावा मोहम्मदपुर निवासी अमित मंगलवार शाम नदी किनारे बैठकर मछली पकड़ रहे थे। इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से वह नदी में गिर गए और डूब गए।
घटना के बाद पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से उनकी तलाश कराई, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद पीएसी के गोताखोरों ने मोटरबोट के जरिए नदी में तलाशी अभियान चलाया। मंगलवार और बुधवार को युवक का पता नहीं चल सका।
गुरुवार सुबह स्थानीय लोगों को नदी के पुल के नीचे शव फंसा दिखाई दिया। सूचना मिलने पर पीएसी और स्थानीय गोताखोरों ने शव को बाहर निकाला। अमित का शव मिलने की जानकारी से परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मेरठ: सिखेड़ा टोल प्लाजा पर किसानों का अनिश्चितकालीन धरना
मेरठ में आउटर रिंग रोड स्थित एनएच-709ए के सिखेड़ा टोल प्लाजा पर राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन और भारतीय किसान यूनियन भानू ने संयुक्त रूप से अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया है। बुधवार रात कार्यकर्ताओं ने टेंट लगाकर धरना शुरू किया। इसमें आसपास के गांवों के लोग भी शामिल हुए।
भारतीय किसान यूनियन भानू के जिलाध्यक्ष उमेश राणा का कहना है कि मवाना रोड पर इंटरचेंज अभी तैयार नहीं है और आगे भी सड़क का निर्माण अधूरा है, इसके बावजूद टोल वसूली शुरू कर दी गई है। किसानों की मांग है कि पूरी सड़क तैयार होने के बाद ही टोल शुरू किया जाए। इसके साथ ही किसानों को सर्विस रोड उपलब्ध कराने की मांग उठाई गई है, ताकि वे आसानी से गन्ना सेंटर तक पहुंच सकें। किसान टोल फ्री करने की मांग भी कर रहे हैं।
संगठन ने 24 अक्टूबर को बड़े आंदोलन की तैयारी की है और दूसरे किसान संगठनों से भी धरने में शामिल होने का आह्वान किया है।
शामली: रामलीला मेले में दो पक्षों में मारपीट, वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
शामली में कैराना रोड स्थित रामलीला मेले में बुधवार देर रात दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। बताया गया कि कहासुनी के बाद दोनों पक्षों के बीच गाली-गलौज और मारपीट शुरू हो गई। घटना से मेले में मौजूद लोगों के बीच अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आया। घटना के दौरान एक युवक को पुलिस के हवाले किए जाने की जानकारी भी सामने आई। मामले को लेकर एएसपी सुमित शुक्ला ने बताया कि पुलिस घटना की जांच कर रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
मेले जैसे सार्वजनिक स्थान पर हुई इस घटना के बाद पुलिस की कार्रवाई पर नजर है। फिलहाल विवाद की वजह और मारपीट में शामिल सभी लोगों की भूमिका की पुष्टि जांच के आधार पर ही होगी।
मेरठ: शिक्षक और स्नातक एमएलसी चुनाव के लिए पोलिंग पार्टियां मतदान केंद्रों के लिए रवाना
मेरठ खंड शिक्षक और स्नातक विधान परिषद चुनाव के लिए मतदान की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। बृहस्पतिवार को मतदान से पहले आईटीआई परिसर से पोलिंग पार्टियों को जरूरी चुनाव सामग्री के साथ उनके निर्धारित मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया गया।
शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों के लिए मतदान 23 अक्टूबर को सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक होगा। मेरठ जिले में स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए 31 मतदान केंद्रों पर 77 बूथ और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए 30 मतदान केंद्रों पर 30 बूथ बनाए गए हैं। पूरे मेरठ-सहारनपुर निर्वाचन क्षेत्र में स्नातक चुनाव के लिए 380 और शिक्षक चुनाव के लिए 125 बूथ निर्धारित किए गए हैं।
मतदान के लिए मतदाताओं को निर्धारित फोटो पहचान पत्र या निर्वाचन आयोग द्वारा मान्य वैकल्पिक पहचान दस्तावेज साथ रखने होंगे। मतदान के बाद मतगणना 27 अक्टूबर को निर्धारित है।
बागपत में बोले ऐश्वर्य राज सिंह ‘आगामी चुनाव में बिखर जाएगा पीडीए’,कार्यकर्ताओं से की चुनावी तैयारों में जुटने की अपील
बागपत के खट्टा प्रहलादपुर गांव में बृहस्पतिवार को राष्ट्रीय लोकदल के कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें शामिल होने पहुंचे पार्टी के उत्तर प्रदेश अध्यक्ष ऐश्वर्य राज सिंह का ग्रामीणों ने स्वागत किया। लोगों को संबोधित करते हुए उन्होंने आगामी चुनाव को लेकर दावा किया कि पीडीए परिवार बिखर जाएगा और चुनाव में राष्ट्रीय लोकदल का बोलबाला रहेगा।
ऐश्वर्य राज सिंह ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय राज्य मंत्री चौधरी जयंत सिंह का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने हमेशा किसानों की लड़ाई लड़ी है और युवाओं के हित में भी काम किए हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय लोकदल किसानों, गरीबों और मजदूरों के हितों के लिए काम करता रहा है और आगे भी करता रहेगा।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से आगामी चुनाव की तैयारियों में जुटने और चौधरी जयंत सिंह के नेतृत्व को मजबूत करने का आह्वान किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता गजराज सिंह ने की और संचालन डॉ. जगमाल सिंह ने किया। इस मौके पर पूर्व राज्य मंत्री डॉ. कुलदीप उज्ज्वल, जिला अध्यक्ष सुभाष गुर्जर और अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।