Weather News: देश का तीसरा सबसे प्रदूषित शहर रहा मेरठ, लगातार बढ़ रही गर्मी, ऐसे रखें ध्यान
पश्चिमी उत्तर प्रदेश में गर्मी और लू का कहर जारी है। यही नहीं मेरठ की बात करें तो देश में तीसरा सबसे प्रदूषित शहर मेरठ बना हुआ है। इस कारण लोगों को आंखों में जलन और सांस लेने संबंधी शिकायतें आ रही हैं। वहीं गर्मी को देखते हुए भी गाइडलाइन जारी की गई है।
विस्तार
हरियाणा का चरखी दादरी 332, कांचीपुरम 320 दूसरे, मेरठ 272 तीसरे स्थान पर रहा है। मेरठ का गंगानगर शहर के इलाकों में सबसे अधिक प्रदूषित रहा। यहां, एयर क्वालिटी इंडेक्स 295 दर्ज किया गया। मई में पहली बार तापमान 42 डिग्री के पास पहुंचा गया। रात का तापमान भी 25 डिग्री पर पहुंच गया। सोमवार को सुबह से ही तेज धूप व दिन में चली लू ने शहरवासियों को परेशान कर दिया। बाजारों में दोपहर होते ही सन्नाटा पसर गया।
लगातार बढ़ रही गर्मी
एडीएम वित्त पंकज वर्मा ने लू के प्रकोप से बचाव/प्रबंधन के लिए संबंधित विभागों एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण मेरठ को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। आपदा विशेषज्ञ दीपक कुमार ने बताया कि जलवायु परिवर्तन और वैश्विक तापमान में वृद्धि के कारण पूरे देश में गर्मी लगातार बढ़ रही है। ग्रीन हाउस गैसों के अधिक उत्सर्जन का भी प्रभाव है। हाल के वर्षों में हीटवेव भारत में भी एक जलवायु संबंधी खतरे के रूप में उभरी है।
बचाव के उपाय बताए
-घर से बाहर निकलते समय गमछा, टोपी, चश्मा एवं छाते का प्रयोग करें
-हल्के रंग के ढीले सूती कपड़े पहनें
-पर्याप्त मात्रा में तरल पदार्थ जैसे छाछ, लस्सी, नमक चीनी का घोल, नींबू का पानी का सेवन करें
-पानी ज्यादा पिये, निर्जलीकरण से बचने के लिए ओआरएस घोल का प्रयोग करें
-यात्रा करते समय पानी हमेशा साथ में रखें
-संतुलित हल्का व नियमित भोजन करें, खाना बनाते समय की खिड़की, दरवाजे एवं रात को खिड़कियां खुली रखें
वरिष्ठ फिजिशियन डॉ. तनुराज सिरोही का कहना है कि दोपहर 12 से तीन बजे के बीच घर से बाहर निकलने से बचना चाहिए। तरल पदार्थों का सेवन बढ़ाएं। एक बार में अधिक खाने से परहेज करें। चाय-कॉफी से परहेज करें।
खानपान का ध्यान रखें, ढीले कपड़े ही पहनें
फिजिशियन डॉ. विश्वजीत बैंबी ने बताया कि लू लगना गंभीर समस्या होती है। खानपान का ध्यान रखें। शरीर को ठंडा रखने के लिए नियमित स्नान करें। फुल स्लीव के ढीले-ढाले कपड़े पहनें। आंखों को भी बचाकर रखें। अगर लक्षण गंभीर हों तो तुरंत चिकित्सक से संपर्क करें।
बच्चे, गर्भवती और बुजुर्ग अधिक सतर्क रहें
बच्चे, गर्भवती महिला और बुजुर्ग विशेष सतर्क रहें। कमजोरी, सिर दर्द, उल्टी महसूस, मांसपेशियों में ऐंठन हो और चक्कर आए तो तुरंत डाॅक्टर को दिखाएं। लू से प्रभावित व्यक्ति को छांव में लिटाकर ठंडे पानी से नहलाएं। चाय, काफी का सेवन न करें, तेज धूप में बाहर न निकलें, अधिक गर्मी में व्यायाम न करें, धूप में खडे़ वाहनों में बच्चों एवं पालतू जानवरों को न छोड़े। अधिक प्रोटीन वाले और बासी खाद्य पदार्थों का सेवन न करें।