Weather Update: बारिश की फुहारों से प्रदूषण कम, AQI 198, अगले तीन दिन ऐसा रहेगा मौसम
पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मौसम ने करवट ली है। हल्की बारिश ने जहां ठंड का एहसास दिलाया है तो प्रदूषण से राहत दी है। मौसम विशेषज्ञ अगले दो तीन दिन मौसम में उतार चढ़ाव बने रहने की बात कह रहे हैं।
विस्तार
पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बारिश की हल्की फुहारों ने ठंडक का एहसास दिलाया है। वहीं मेरठ में खराब चल रही हवा में दो दिन से सुधार हुआ है। हवा के सुधरने से प्रदूषण का स्तर भी कम हुआ है। अभी तेज हवा के चलने से थोड़ा और सुधार के आसार हैं। मौसम में बदलाव से दिन का तापमान गिर गया, जबकि रात का तापमान बढ़ा है।
रात में हुई बारिश की फुहारों के बीच मेरठ का एयर क्वालिटी इंडेक्स गिरा है। हल्की बूंदाबांदी से एक्यूआई में सुधार आया है। पिछले तीन दिन से लगातार एनसीआर में एक्यूआई गिरने से हवा की सेहत में सुधार हो रहा है। दिन में हवा भी चल रही है और एक्यूआई भी कम हो रहा है। सुबह के समय स्मॉग बना हुआ है।
सोमवार को मेरठ का एयर क्वालिटी इंडेक्स 198 दर्ज किया गया, जबकि शहर में जयभीमनगर 230, गंगानगर 159, पल्लवपुरम 238, बेगमपुल 220, दिल्ली रोड 231 दर्ज किया गया है।
मौसम कार्यालय पर अधिकतम तापमान 24.3 डिग्री व रात का न्यूनतम 13.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। दिन के तापमान में 2.5 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है, जबकि रात के तापमान में 3.3 डिग्री की बढ़ोतरी हुई है। अभी दो तीन दिन तक तापमान में उतार चढ़ाव रहेगा।
कृषि विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डाॅ. यूपी शाही का कहना है कि रात का तापमान बढ़ गया था, मंगलवार से रात के तापमान में गिरावट आएगी। सुबह के समय मौसम में नमी के चलते कुछ जगह पर कोहरा भी दिखेगा।