चांद के इंतजार संग की ईद की जमकर खरीदारी, मीना बाजार में उमड़ी भीड़
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
ईद का चांद दिखने की बेसब्री और त्योहार की खुशी के बीच लोगों ने खूब खरीदारी की। भगत सिंह बाजार, लिसाड़ी गेट बाजार, लालकुर्ती पैंठ बाजार, बेगमपुल, सदर बाजार, वैली बाजार, घंटाघर मीना बाजार, हापुड़ अड्डा बाजार सहित अन्य बाजारों में ईद की जगमग नजर आई। रोजा खोलने के बाद लोग परिवार सहित खरीदारी करने बाजार पहुंचे। लखनवी कुर्ते, चिकनकारी के दुपट्टे, कुर्तियां, सूट, सफेद टोपियां, रंगीन लाइटों की खूब खरीदारी हुई। वहीं शीर के लिए काजू, किसमिस, मेवे भी खरीदे। झूमर, झालर, कांच की प्यालियां, तिब्बती प्लेटें, सिरेमिक की केतलियां, खुर्जा की क्राकरी के लिए भी काफी मांग रही।
कांच की चूड़ियां और ज्वैलरी
मीना बाजार में महिलाएं विशेष रूप से कांच की रंग बिरंगी चूड़ियां और कंगन खरीदने आ रही हैं। दुकानों पर फिरोजाबादी चूड़ियों की अच्छी रेंज है। आर्टिफिशियल ज्वैलरी में कंगन, पायल, हाथ फूल, लटकन, झुमकियां, बालियां, गले के सेट, टॉप्स आदि खरीदने के लिए महिलाएं आ रही हैं। सुनहरी पॉलिश से सजे गहनों को कुंदन व नगों से सजाया है। ब्रांडेड कॉस्मेटिक्स के साथ महिलाएं व युवतियां चाइनीज कलर कॉस्मेटिक्स ले रही हैं।
कैंप लगाए, झालरों से मार्ग सजाए
ईद की नमाज के बाद विभिन्न संगठनों और सियासी दलों के स्थानीय नेताओं द्वारा शाही ईदगाह के बाहर दिल्ली रोड पर मुस्लिम समुदाय को बधाई देने के लिए सड़क के दोनों तरफ कैंप की व्यवस्था शुरू की गई। वहीं शाही ईदगाह कमेटी की तरफ से ईदगाह से लेकर जली कोठी चौराहा, मेट्रो प्लाजा एवं आसपास के मार्गों पर नमाजियों की सुविधा के लिए लाउड स्पीकर भी लगाए गए। वहीं लिसाड़ी गेट क्षेत्र, जाकिर कॉलोनी आदि में मार्गों को झालरों से सजाया गया है। ईद पर बच्चों के लिए छोटे-बड़े झूले भी लगाए गए हैं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/