यूपी: पुलिस भर्ती की शारीरिक दक्षता परीक्षा शुरू, पहले दिन 800 अभ्यर्थी दौड़े; 25 मिनट में 4.8 किमी की चुनौती
मेरठ में यूपी पुलिस आरक्षी भर्ती की शारीरिक दक्षता परीक्षा आज से छठी वाहिनी पीएसी परिसर में शुरू हो गई। पहले दिन 800 अभ्यर्थियों की दौड़ कराई गई। अभ्यर्थियों को 25 मिनट में 4.8 किलोमीटर दौड़ पूरी करनी है।
विस्तार
मेरठ में उत्तर प्रदेश पुलिस आरक्षी भर्ती के लिए शारीरिक दक्षता परीक्षा आज सोमवार से छठी वाहिनी पीएसी परिसर में शुरू हो गई। करीब सात दिन चलने वाली परीक्षा में कुल 4,500 अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा पास करने के लिए अभ्यर्थियों को 25 मिनट में 4.8 किलोमीटर की दौड़ पूरी करनी होगी। इसके लिए उन्हें निर्धारित रेसिंग ट्रैक के 12 चक्कर लगाने होंगे।
पहले दिन 800 अभ्यर्थियों की दौड़
शारीरिक दक्षता परीक्षा के पहले दिन सोमवार को 800 अभ्यर्थियों को अलग-अलग राउंड में दौड़ाया गया। दौड़ की शुरुआत सुबह पांच बजे से की गई, ताकि तेज धूप और गर्मी से पहले परीक्षा पूरी कराई जा सके। लिखित परीक्षा में सफल अभ्यर्थी ही शारीरिक दक्षता परीक्षा में शामिल हो रहे हैं।
अभ्यर्थियों को सघन चेकिंग के बाद परीक्षा केंद्र में प्रवेश दिया जा रहा है। परीक्षा में मेरठ जोन के अधिकांश अभ्यर्थी शामिल हैं। इनमें महिला अभ्यर्थी भी हैं।
एडीजी ने किया व्यवस्थाओं का निरीक्षण
शनिवार को एडीजी भानु भास्कर ने भर्ती व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया था। उनके साथ डीआईजी कलानिधि नैथानी, एसएसपी, पीएसी कमांडेंट और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
एडीजी ने अभ्यर्थियों के रजिस्ट्रेशन काउंटर, कंप्यूटर आधारित पंजीकरण प्रक्रिया, दौड़ के लिए निर्धारित ट्रैक, ट्रैक पर लगाए गए कैमरों और प्राथमिक उपचार के लिए बनाए गए मेडिकल काउंटर का निरीक्षण किया। उन्होंने भर्ती अधिकारियों और कर्मचारियों से पूरी प्रक्रिया की जानकारी लेते हुए व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।
गर्मी को देखते हुए सुबह पांच बजे से दौड़
पिछले दिनों कैलाश प्रकाश स्टेडियम में होमगार्ड भर्ती की शारीरिक दक्षता परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों की तबीयत बिगड़ने और तीन अभ्यर्थियों की मौत के बाद गर्मी में परीक्षा कराने को लेकर सवाल उठे थे। इसे देखते हुए इस बार दौड़ सुबह पांच बजे से शुरू कराई जा रही है, ताकि तेज धूप से पहले प्रक्रिया पूरी की जा सके।
परीक्षा केंद्र परिसर में चिकित्सकों का पैनल और एंबुलेंस भी तैनात रखी गई है। किसी अभ्यर्थी की तबीयत बिगड़ने पर उसे तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है।
अभ्यर्थियों के लिए 26 इलेक्ट्रिक बसें
पुलिस भर्ती परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए सिटी ट्रांसपोर्ट ने भी अतिरिक्त व्यवस्था की है। रुड़की रोड पर 26 इलेक्ट्रिक बसें संचालित की जा रही हैं। रविवार देर शाम से अतिरिक्त बसों की व्यवस्था लागू कर दी गई थी।
लाला लाजपतराय मेडिकल कॉलेज से बेगमपुल, मोदीपुरम और एनएच-58 होते हुए सुभारती विश्वविद्यालय तक चलने वाले मार्ग पर पहले 10 बसें संचालित हो रही थीं। अब इस मार्ग पर 16 अतिरिक्त बसें बढ़ाकर कुल 26 इलेक्ट्रिक बसें कर दी गई हैं। बसों के फेरे भी बढ़ाए गए हैं।
निजी वाहनों का दबाव कम करने की तैयारी
एआरएम सचिन सक्सेना ने बताया कि अतिरिक्त बसों का उद्देश्य अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचाने के साथ यातायात व्यवस्था को सुचारु रखना है। बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के बसों से सफर करने से निजी वाहनों पर दबाव कम होने और सड़कों पर भीड़ नियंत्रित रहने की उम्मीद है। भर्ती प्रक्रिया शुरू होने के साथ रविवार शाम से ही परिवहन निगम की बसों और ट्रेनों में भी अभ्यर्थियों की भीड़ बढ़ने लगी थी।