यूपी: शहर में विकास कार्यों के लिए 22 करोड़ रुपये के टेंडर जारी, अब जिले होंगे ये बड़े काम
यूपी में इस शहर के विकास कार्यों के लिए 22 करोड़ रुपये के टेंडर जारी किए गए हैं। बताया गया कि 15वें वित्त आयोग से 17 करोड़ रुपये की लागत से शहर की 11 सड़कें बनेंगी।
विस्तार
मेरठ में नगर निगम ने 67 करोड़ रुपये की कूड़ा प्रबंधन और वायु गुणवत्ता सुधार योजना के तहत होने वाले कार्यों के टेंडर जारी करने शुरू कर दिए हैं। योजना में बनने वाली 11 सड़कों और चार कूड़ा ट्रांसफर स्टेशन के टेंडर जारी कर दिए। टेंडर छह जुलाई को शाम चार बजे खुलेंगे। इसके अलावा 14वें वित्त आयोग की बची धनराशि से तीन नालों के टेंडर भी जारी कर दिए गए। ये टेंडर 28 जून को खोले जाएंगे।
नगर निगम ने गत माह 15वें वित्त आयोग से मिली धनराशि के तहत 39 करोड़ रुपये की लागत से वायु गुणवत्ता सुधार और 25 करोड़ रुपये की लागत से कूड़ा प्रबंधन योजना को स्वीकृति दी थी। निगम ने अब इन दोनों योजनाओं के कार्यों के टेंडर छोड़ने शुरू कर दिए हैं। मंगलवार को वायु गुणवत्ता सुधार योजना के तहत 17 करोड़ रुपये की लागत से शहर की 11 सड़कों के टेंडर छोड़े गए। इसमें सड़कों का निर्माण, पटरी मरम्मत, इंटरलॉकिंग आदि पर धनराशि खर्च होगी। इसके अलावा कूड़ा प्रबंधन योजना के तहत 70 लाख रुपये की लागत से चार कूड़ा ट्रांसफर स्टेशन के टेंडर भी जारी कर दिए। इसके अलावा 14वें वित्त आयोग की बची धनराशि से तीन करोड़ रुपये की लागत से तीन नालों का निर्माण किया जाना है। इसके टेंडर भी जारी कर दिए गए।
इन सड़कों का होगा कायाकल्प
- कुटी चौराहे गुरु हरिकिशन स्कूल तक सड़क व साइड पटरी निर्माण
- वार्ड 28 उद्योगपुरम औद्योगिक क्षेत्र में एक्यूरेट ग्लास से इंडियर क्रॉम प्रा. लि. तक सड़क, नाली व पटरी निर्माण
- मोहकमपुर औद्योगिक क्षेत्र फेस वन में तिरुपति होटल से बालाजी स्टील, प्रवीन बैट्री, महेश वाटिका, पंचवटी प्रयोगशाला से ओसवाल रबर की गलियों में नाली व सड़क निर्माण
- वार्ड 60 विक्टोरिया पार्क नाला पुल से सम्राट हैवेंस तक आबू नाले की पटरी की सड़क सुधार
- गांधी आश्रम से फूलबाग चौराहा होते हुए विक्टोरिया पार्क पुलिया तक हॉटमिक्स सड़क निर्माण
- नूरनगर चौराहे से अंजुम पैलेस तक सड़क व पटरी निर्माण
- श्यामनगर मुख्य मार्ग पर नाज क्रॉकरी सेंटर से दिलशाद गार्डन तक सड़क निर्माण
- मार्शल पिच से लेकर कासमपुर शराब फैक्टरी तक सड़क मरम्मत व पटरी इंटरलॉकिंग
- रोहटा रोड के दोनों तरफ कच्ची साइड पटरी पर इंटरलॉकिंग कार्य
- फतेहउल्लापुर मुख्य मार्ग पर लखीपुरा गली नंबर 28 से शिव मंदिर तक सड़क निर्माण
यहां बनेंगे चार कूड़ा ट्रांसफर स्टेशन
- हापुड़ रोड स्थित पुराना कमेला के खसरा नंबर 3709 में
- बच्चा पार्क रेन बसेरा के निकट
- मंगल पांडेयनगर में मंदिर के उत्तर दिशा में
- गांव नंगलाताशी कासमपुर स्थित मार्शल पिच पर
ये नाले बनेंगे
- वार्ड 22 व 38 में रोहटा रोड मुख्य मार्ग पर अमित पेंट्स से अपोलो गैराज तक आरसीसी नाला निर्माण
- रोहटा रोड मुख्य मार्ग पर तेजविहार गेट नंबर एक से डेफोडिल फैक्टरी तक आरसीसी नाला
- वार्ड नंबर 26 में तेजगढ़ी चौराहे से रंगोली मंडप के पुल तक आरसीसी नाला निर्माण
कूड़ा ट्रांसफर स्टेशन से इस तरह परिवहन होगा कचरा
- कूड़ा ट्रांसफर स्टेशन पर रखे गए पोर्टेबल कांपेक्टर में न्यूनतम 15 टन कूड़ा एकत्र होगा। पांच वार्ड का कचरा एक जगह एकत्र होगा।
- डोर टू डोर कूड़ा गाड़ियों और ठेलों के जरिये कूड़ा ट्रांसफर स्टेशन तक लाया जाएगा। इस कूड़े को कांपेक्टर में डाला जाएगा।
- कचरे से भरे कांपेक्टर को हुक लोडर के जरिये डंपिंग ग्राउंड तक ले जाया जाएगा।
बाकी कार्यों के टेंडर भी होंगे
15वें वित्त आयोग से स्वीकृत कूड़ा प्रबंधन और वायु गुणवत्ता सुधार योजना के टेंडर अपलोड कर दिए हैं। इन्हें आगामी 6 जुलाई को खोला जाएगा। वहीं 14वें वित्त आयोग से बनने वाले तीन नालों के भी टेंडर जारी किए हैं जो 28 जुलाई को खुलेंगे। योजना के बाकी कार्यों के टेंडर भी जल्द जारी कर दिए जाएंगे। - मनीष बंसल, नगर आयुक्त नगर निगम मेरठ