UP: प्रियंका गांधी के पीए को भेजा नोटिस, 3 दिन में जवाब न देने पर होगी कार्रवाई, अर्चना गौतम से जुड़ा है मामला
Meerut News : मेरठ पुलिस ने प्रियंका गांधी के पीए को नोटिस भेजा है। तीन दिन में जवाब मांगा गया है। अगर तीन दिन में जवाब नहीं दिया तो आगे की कार्रवाई होगी।
विस्तार
कांग्रेस नेत्री से बदतमीजी कर जातिसूचक शब्द कहे जाने के आरोप के मामले में प्रियंका गांधी के पीए संदीप सिंह को नोटिस जारी किया गया है। सीओ ने तीन दिन के अंदर उपस्थित होकर अपना पक्ष रखने के लिए कहा है, अन्यथा विवेचनात्मक कार्रवाई करने की बात नोटिस में कही गई है।
रियलिटी शो बिग बॉस से चर्चा में आईं और कांग्रेस के टिकट पर हस्तिनापुर सीट से विधानसभा चुनाव लड़ीं अर्चना गौतम के पिता गौतम बुद्ध ने कांग्रेस राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी के पीए संदीप कुमार के खिलाफ परतापुर थाने में मुकदमा दर्ज कराया था।
उनका आरोप था कि प्रियंका गांधी के बुलावे पर मेरी बेटी अर्चना गौतम 26 फरवरी 2023 को कांग्रेस के महाअधिवेशन में भाग लेने के लिए रायपुर छत्तीसगढ़ गई थीं, जहां पर मेरी बेटी ने राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी से मिलने का समय उनके पीए संदीप सिंह से मांगा था, लेकिन उन्होंने प्रियंका से मिलवाने से मना कर दिया और मेरी बेटी से बदतमीजी से बात करते हुए जातिसूचक व अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल किया। सीओ ब्रह्मपुरी शुचिता सिंह ने नई दिल्ली अशोका रोड निवासी पीए संदीप सिंह को नोटिस जारी किया है।
यह भी पढ़ें: मां-बेटी की मौत का मामला: पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हुआ चौंकाने वाला खुलासा, शरीर पर मिले चोट के निशान
उन्होंने कहा है कि तीन दिन के अंदर अपना पक्ष प्रस्तुत करें। यदि तीन दिन के अंदर उपस्थित नहीं होते तो यह मान लिया जाएगा कि इस प्रकरण में कोई साक्ष्य प्रस्तुत नहीं करना चाहते है। विवेचना में साक्ष्य संकलन के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें: PHOTOS: नहीं थम रहे मां-बहनों के आंसू, हत्या के बाद बिटौड़े में जलाया था शव, घर का इकलौता चिराग था कुलदीप
सीओ शुचिता सिंह ने बताया कि सोमवार को नोटिस जारी किया गया है। तीन दिन का समय संदीप सिंह को दिया गया है।