UP: पाकिस्तानी नेटवर्क की वेस्ट यूपी में दस्तक, मेरठ कनेक्शन आया सामने, दिल्ली पुलिस की बड़ी कार्रवाई
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने मेरठ के नूरनगर क्षेत्र से जुड़े अली फजल को गिरफ्तार किया है। जांच एजेंसियों का दावा है कि उसका संबंध कथित पाकिस्तानी नेटवर्क से है। मामले में राष्ट्रीय सुरक्षा एजेंसियां जांच कर रही हैं।
विस्तार
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने सोमवार को लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र के नूरनगर पुलिया के पास रहने वाले 26 साल के अली फजल को गिरफ्तार किया है। अली फजल का पाकिस्तानी गैंगस्टरों से लिंक निकला है। पिछले पांच महीने में वेस्ट यूपी के 30 से अधिक युवा एटीएस और पुलिस ने गिरफ्तार किए हैं। इनमें दस से अधिक का मेरठ के रहने वाले या यहां से कोई न कोई लिंक है।
आईएसआई के इशारे पर पाकिस्तानी इंटेलीजेंस ऑपरेटिव (पीआईओ) ने गैंगस्टरों की मदद से सोशल मीडिया के जरिये वेस्ट यूपी में बड़ा नेटवर्क खड़ा कर दिया है। पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी और सरदार उर्फ सरफराज यहां के युवा और किशोरों का माइंडवाश कर देश विरोधी गतिविधियों में शामिल कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें: Meerut: दिल्ली-देहरादून हाईवे पर टायर फटा, कई पलटे खाकर चकनाचूर हुई ब्रेजा कार, दिल्ली के तीन युवकों की मौत
पुलिस का कहना है कि अली फजल कई माह से दिल्ली में रह रहा था। वह अन्य आरोपियों के साथ ड्रोन के जरिये मंगाए गए हथियार अपने नेटवर्क से जुड़े आरोपियों तक पहुंचाने का काम करता है।
जानकारी मिली है कि स्पेशल सेल ने पिछले सप्ताह पंजाब के अमृतसर से शुभदीप सिंह और साजन सिंह को विदेशी पिस्टलों के साथ गिरफ्तार किया था। इनसे मिले इनपुट के बाद दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने इन्हें गिरफ्तार किया है। पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी और सरदार उर्फ सरफराज ने इंस्टाग्राम, यूट्यूब और फेसबुक के माध्यम से स्लीपर सेल तैयार कर रहे हैं।
पाकिस्तान से संचालित अनुषी तिवारी प्राउड ऑफ इंडियन नाम के एक्स हैंडल से मई माह में मेरठ के नाम से फर्जी व भड़काऊ वीडियो व पोस्ट शेयर कर यहां माहौल खराब करने की कोशिश भी की जा चुकी है। एसएसपी अविनाश पांडेय ने उस दौरान सिविल लाइन थाने में प्राथमिकी दर्ज कराकर इस तरह के सोशल मीडिया अकाउंट की निगरानी शुरू कराई थी।