यूपी: गनर मिला भाजपा नेता को, साथ रखता है छोटा भाई, रुतबा दिखाने को सुरक्षा से खिलवाड़
जानकारी के अनुसार सुरक्षा के चलते भाजपा नेता को गनर (सिपाही) दिया गया। लेकिन वह नेता के बजाय उसके छोटे भाई के साथ चलता है। गनर ने खुद इस पर आपत्ति जताई तो भाजपा नेता नाराज हो गए। इस पर सिपाही ने अधिकारियों को जानकारी देकर पुलिस लाइन में आमद दर्ज करा ली।
मंगलवार को एक गनर का वीडियो वायरल हुआ। इसमें गनर बता रहा है कि उसकी ड्यूटी एक भाजपा नेता की सुरक्षा में लगी है। भाजपा नेता का छोटा भाई उसे जबरन अपने साथ ले जाता है। होटल और बार में भाजपा नेता का भाई पार्टी मनाता है, जिससे सिपाही डरा हुआ है।
उसका कहना कि यदि भाजपा नेता के साथ कोई बात या अनहोनी होती है तो जिम्मेदार मुझे ही ठहराया जाएगा। क्योंकि ऑन रिकॉर्ड मेरी ड्यूटी भाजपा नेता के साथ लगी है। गनर की बात सुनकर पुलिस अधिकारी ने उसे लाइन में आमद दर्ज कराने को कहा। जिस पर सिपाही ने आमद दर्ज कराई।
सिपाही ने फोन पर मामले की शिकायत की थी जिस पर साफ कहा गया कि आप श्रम कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष सुनील भराला के गनर हैं और उन्ही की सुरक्षा ड्यूटी में लगाया गया है। सिपाही की शिकायत पर फिलहाल पुलिस लाइन में आमद कराई गई है। - होरीलाल, प्रभारी पुलिस लाइन