बुझ गए दो घरों के चिराग: दो दोस्तों की मौत से मचा कोहराम, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल, ऐसे हुआ था हादसा
Saharanpur Accident News : दो युवकों की मौत से परिजनों में कोहराम मचा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। दोनों दोस्त एक ही फैक्टरी में काम करते थे।
विस्तार
सहारनपुर के कोतवाली मिर्जापुर क्षेत्र में रायपुर-हथनीकुंड सड़क मार्ग पर अज्ञात वाहन की टक्कर से सड़क किनारे खड़े बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका एक साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने गंभीर घायल को बेहट सीएचसी भर्ती कराया, जहां से उसे जिला अस्पताल भेज दिया गया।
हादसा मंगलवार देर रात लांडापुल के पास हुआ। गांव जाटोवाला उर्फ फतेहुल्लापुर निवासी प्रविंद्र (20) पुत्र सतीश और उसका साथी सुधांशु (20) पुत्र आनंद निवासी निवासी शाहपुर बांस पोंटा साहिब हिमाचल प्रदेश की फैक्टरी में मजदूरी करते थे। रात की ड्यूटी के लिए दोनों पोंटा साहिब के लिए घर से बाइक पर निकले थे। जैसे ही वे लांडापुल के पास पहुंचे तो उनका एक साथी सैंटी पुत्र कल्लू उर्फ बीरबल निवासी छज्जा उन्हें मिल गया। ये दोनों बाइक पर ही सड़क किनारे रुककर उससे बात करने लगे। इसी दौरान हथनीकुंड की तरफ से आए अज्ञात वाहन ने इन्हें टक्कर मार दी।
यह भी पढ़ें: Meerut Murder: चचेरे भाई की गोली मारकर की हत्या, दोनों साथ में बैठकर पी रहे थे शराब, वारदात के बाद आरोपी फरार
हादसे में प्रविंद्र और सुधांशु की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सैंटी गंभीर रूप से घायल हो गया। उधर, कोतवाली प्रभारी ने बताया कि दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया गया है। परिजनों की तहरीर पर केस दर्ज कर लिया गया है। वाहन चालक की तलाश की जा रही है।
यह भी पढ़ें: इस गिरोह ने उड़ाए होश: एक करोड़ के मोबाइल देख अफसर भी हैरान, इन राज्यों में फैला नेटवर्क, चार शातिर गिरफ्तार