मवाना। मवाना खुर्द स्थित जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान में तीन दिवसीय सुरक्षा व संरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम का बुधवार को समापन किया गया।
समापन सत्र में प्राचार्य मनोज कुमार आर्य, सलमान मैराज ने प्रतिभागी शिक्षकों को प्रमाण पत्र वितरित किए। कहा कि विद्यालयों में सुरक्षा और संरक्षा केवल एक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ी के भविष्य की सबसे मजबूत नींव है। सुरक्षित विद्यालय ही बच्चों के सर्वांगीण विकास का आधार हैं। प्रशिक्षण प्रभारी नरेश कुमार ने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की और स्वास्थ्य, स्वच्छता, संतुलित आहार, व्यक्तिगत व परिवेशीय स्वच्छता के महत्व पर चर्चा की। प्रदीप कुमार ने विद्यालय परिवेश की सुरक्षा और बच्चों की आवश्यकताओं पर विचार रखे। मवाना पुलिस चौकी से रेनू त्यागी, मनोज शर्मा ने महिला सुरक्षा, पॉक्सो एक्ट, साइबर अपराध, महिला सशक्तीकरण, अफवाहों से बचाव पर जानकारी दी। यातायात विभाग के विशेषज्ञों ने सड़क सुरक्षा के नियम बताए। फायर स्टेशन टीम से विश्वास गर्ग, प्रेमपाल सिंह, लक्ष्मण सिंह, सचिन कुमार ने आग से बचाव और अग्निशमन यंत्रों के प्रयोग की जानकारी दी। स्वास्थ्य विभाग से डॉ. अमित यादव, नेहा शर्मा ने प्राथमिक उपचार, सीपीआर तकनीक, मौसमी बीमारियों से बचाव की जानकारी दी।