सरूरपुर। कस्बा खिवाई में स्थित प्राचीन माता शाकंभरी देवी मंदिर पर तीन दिवसीय मेले का शुभारंभ किया गया है। प्रतिवर्ष लगने वाले मेले का उद्घाटन शनिवार को ब्लॉक प्रमुख मनोज चौहान ने किया। मेले में आए श्रद्धालुओं ने माता के मंदिर में मन्नत मांगी। स्थानीय लोगों ने बताया कि रविवार को त्रयोदशी और चतुर्दशी के शुभ योग पर मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है।
बागपत, शामली और मुजफ्फरनगर सहित आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में भक्त माता के दरबार में पहुंचकर प्रसाद चढ़ाकर मन्नत मांगते हैं। उद्घाटन के बाद श्रद्धालुओं ने माता शाकंभरी देवी के दरबार में माथा टेककर आशीर्वाद लिया और अपनी मनोकामनाएं मांगीं। मंदिर परिसर में पूजा-अर्चना के दौरान जय माता के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। पहले दिन मेले में सजी दुकानों पर बच्चों और महिलाओं की विशेष भीड़ दिखाई दी। शाम तक मेले में रौनक बढ़ गई और लोगों ने झूले, खिलौनों और स्टालों का आनंद लिया। मंदिर कमेटी की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पानी, प्रसाद वितरण और साफ-सफाई की व्यवस्था की गई है। मेले की सुरक्षा को लेकर पुलिस फोर्स भी तैनात की गई है। इस दौरान मंदिर कमेटी के अध्यक्ष सुखराम, विक्रम, चंद्र किरण, सतीश राणा, बिरजू, मोहित, रामपाल, जगदीश, जयभगवान, रतन आदि मौजूद रहे।