सरधना/माछरा/मुंडाली/मवाना(मेरठ)। भीषण गर्मी से सोमवार शाम आंधी के साथ आई बारिश ने राहत दी। कुछ स्थानों पर आंधी से बिजली के खंभे, बिजली के तार टूट गए। जिससे आवागमन बंद हो गया। वहीं आंधी से बागों में आम को नुकसान हुआ है। कुछ क्षेत्रों में केवल हल्कि बारिश देखने को मिली।
सरधना नगर व देहात क्षेत्र में सोमवार शाम हुई बारिश से लोगों को थोड़ी राहत मिली। तेज आंधी से बागों में आम को नुकसान हुआ। वहीं, कई स्थानों पर बिजली के खंभे, तार टूट गए। जिससे क्षेत्र में आपूर्ति बाधित हो गई। संत चार्ल्स इंटर कॉलेज के निकट चर्च रोड पर विद्युत पोल सड़क पर गिर जाने के कारण जहां एक तरफ विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई वहीं मार्ग पर कुछ देर के आवागमन बंद हो गया। वहीं, माछरा, मुंडाली क्षेत्र में हल्कि बारिश हुई। जिसे किसानों ने फसलों के लिए फायदेमंद बताया। किसान जितेंद्र कुमार, प्रमोद कुमार, श्यामवीर आदि ने बताया कि इस बारिश से गर्मी से थोड़ी राहत मिली है। वहीं फसलों को भी फायदा पहुंचा है। बताया कि सबसे अधिक फायदा चारे को होगा। वहीं, हस्तिनापुर क्षेत्र में सुबह के समय बादल ने राहत दी पर दोपहर होते ही तेज धूम व लू ने लोगों को बेहाल कर दिया। लोग घरों से बहुत कम निकले। वहीं, किसान पेड़ों के नीचे धूप से बचते दिखे। शाम के समय हल्की बारिश हुई। जिससे फसलों को फायदा हुआ है तो गर्मी से सुकून भी मिला। मवाना में हल्की बूंदाबांदी से उमस और बढ़ गई। कई दिन से पड़ रही गर्मी से कूलर, पंखे भी राहत नहीं दे पा रहे थे। शाम को घने बादलों से लोगों को तेज बारिश की उम्मीद जगी। परंतु बूंदाबांदी से उमस बढ़ गई। जिससे लोग परेशान हो उठे।