मुजफ्फरनगर: घर से अगवा कर दूसरे समुदाय की किशोरी से सामुहिक दुष्कर्म, आरोपी फरार, मामला दर्ज
घटना यूपी के मुजफ्फरनगर के मोरना ककरौली क्षेत्र की है। यहां एक गांव में तीन युवकों ने घर में अकेली किशोरी को अगवा करने के बाद खेतों में ले जाकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। शुक्रवार सुबह किशोरी ने घर लौटे परिजनों को घटना की जानकारी दी, जिससे आक्रोश व्याप्त हो गया।
आरोपी दूसरे समुदाय के होने के कारण गांव में भी तनाव की स्थिति है, जिसके मद्देनजर पुलिस बल तैनात किया गया है। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने वारदात की नामजद रिपोर्ट दर्ज कर ली है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।
ककरौली थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी पीड़िता के पिता ने तहरीर देकर बताया कि वह गुरुवार शाम गांव सीकरी में चल रहे पांच दिवसीय उर्स में शामिल होने के लिए गया था। घर पर उसकी नाबालिग बेटी मौजूद थी। आरोप है कि देर रात किशोरी को घर में अकेली देख गांव के ही तीन युवक जबरन अंदर घुसे और किशोरी को अगवा कर ले गए।
आरोप है कि तीनों युवकों ने किशोरी को गांव के बाहर खेतों में ले जाकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। वारदात को अंजाम देकर आरोपी किशोरी को किसी से बताने पर जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। शुक्रवार सुबह परिजन लौटे तो बदहवास पीड़िता ने उन्हें घटना की जानकारी दी। इस पर परिजनों के होश उड़ गए।
देखते ही देखते वारदात की जानकारी पीड़िता के पक्ष के ग्रामीणों को हुई तो आरोपी दूसरे समुदाय से होने के कारण तनाव के हालात उत्पन्न हो गए। घटना की सूचना मिलते ही ककरौली एसओ जितेंद्र अंबावत गांव में पहुंचे और ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत किया।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/