दौराला। कंकरखेड़ा की तुलसी कॉलोनी में रहने वाले सूबेदार मेजर पवन सिंह सोम (55) का ब्रेन हेमरेज होने के चलते निधन हो गया। मंगलवार को हैदराबाद से उनका पार्थिव शरीर उनके आवास पर लाया गया। परिजनों के साथ आर्मी अधिकारी उनके पार्थिव शरीर को लेकर पैतृक गांव रुहासा पहुंचे और अंतिम विदाई दी।
मूलरूप से रुहासा गांव के रहने वाले पवन सिंह सोम का परिवार वर्तमान में कंकरखेड़ा में रहता है। पवन सिंह सोम हैदराबाद में तैनात थे। उनके दो बेटे हैं, जिनमें एक बेटा विकास सोम भी आर्मी में है और जयपुर में तैनात है। छोटा बेटा आकाश इंजीनियर है। परिजनों के मुताबिक उन्हें ब्रेन हेमरेज हुआ। इसके बाद उन्हें आर्मी अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन उनका निधन हो गया। आर्मी के अधिकारी उनके पार्थिव शरीर को लेकर उनके तुलसी कॉलोनी वाले आवास पर पहुंचे। यहां से सूबेदार मनोज तिवारी के नेतृत्व में सेना के जवान उनके पार्थिव शरीर को लेकर रुहासा गांव पहुंचे। सेना के जवानों ने गार्ड ऑफ ऑनर देकर उन्हें अंतिम विदाई दी। इस दौरान परिजनों व ग्रामीणों ने उन्हें नम आंखों से विदाई दी। पत्नी माधुरी, बेटे विकास सोम, आकाश को ग्रामीणों ने सांत्वना दी।