मवाना। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डाॅ. विपिन ताडा ने बुधवार देर रात मवाना थाने का वार्षिक निरीक्षण किया। उन्होंने थाने के शौचालय, मेस, मालखाना, बैरक, महिला हेल्प डेस्क, साइबर सेल, थाना कार्यालय, एच एस रजिस्टर, जीडी और अन्य अभिलेखों की विस्तृत जांच की और लंबित विवेचनाओं के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। एसएसपी बुधवार देर रात एसपी देहात अभिजीत सिंह के साथ मवाना थाने पहुंचे। एसएसपी ने थाना परिसर का भौतिक अवलोकन किया। थाने में सफाई, सुरक्षा मानक और सुविधाओं की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने थाने में रखे अभिलेखों और दस्तावेजों, ओआर, लंबित प्रकरणों, चालान, गिरफ्तारी रिकार्ड और अन्य फाइलों की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान अपराध रजिस्टर, जांच की प्रगति, लंबित विवेचना और जनता की शिकायतों के निस्तारण की प्रक्रियाओं का भी मूल्यांकन किया। उन्होंने थाने में खड़े लावारिस वाहनों की नीलामी के लिए टीम गठित कर रिपोर्ट भेजने के निर्देश दिए।