दौराला। घना कोहरा और हाड़ कंपा देने वाली ठंड के बीच एसपी ट्रैफिक ने एनएचएआई अधिकारियों के साथ दिल्ली-देहरादून हाईवे का निरीक्षण किया और ब्लैक स्पॉट चिह्नित किए। स्थानीय लोगों ने अधिकारियों के समक्ष अपनी बात रखी।
दौराला का मटौर कट, वलीदपुर, नगली गेट, सकौती कट आदि जगहों का अधिकारियों ने एसपी ट्रैफिक के साथ निरीक्षण किया। स्थानीय लोगों ने बातचीत में बताया कि अवैध कट के चलते आए दिन हादसे होते रहते हैं और लोग घायल हो जाते हैं। इन कट पर येलो मार्किंग और लाइट की व्यवस्था नहीं है। इसके चलते घने कोहरे में चालक अपना नियंत्रण खो बैठते हैं और हादसे हो जाते हैं। रात के समय दृश्यता बेहद कम होने से हाईवे पर जानलेवा हालात बन जाते हैं। लोगों ने एनएचएआई अधिकारियों से मटौर, वलीदपुर कट पर तत्काल येलो मार्किंग, हाईमास्ट लाइट और सुरक्षा उपाय की व्यवस्था कराए जाने की मांग की। एसपी ट्रैफिक राघवेंद्र मिश्रा ने भी जायजा लेने के बाद संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।