अमर उजाला लाइव: ये है लिसाड़ीगेट... यहां खुलेआम बिकता है पेट्रोल, हो चुकी हैं कई बड़ी घटनाएं
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
एक बाइक रिपेयरिंग की दुकान के काउंटर पर बोतलों में पेट्रोल भरा हुआ रखा है। मिस्त्री वाहन ठीक करने में लगे हुए हैं। तभी एक युवक बाइक लेकर वहां आता है और दुकान पर मौजूद एक युवक को इशारा करता है। युवक काउंटर पर रखी बोतल उठाता और पेट्रोल उसकी गाड़ी में डालकर रुपये ले लेता है।
इसके बाद भी कई लोग वहां आकर पेट्रोल बाइक में डलवाते हैं। इस रास्ते से पुलिस की गाड़ी भी गुजरती है, लेकिन दुकानदार पर कोई असर नहीं पड़ता। यह हाल अमर उजाला टीम ने कमेला रोड स्थित कई दुकानों पर देखा। जब टीम ने पूछताछ की तो कई चौंकाने वाली बातों का खुलासा हुआ।
पेट्रोल सहित अन्य ज्वलनशील पदार्थों की खुलेआम बिक्री पर पूरी तरह रोक है। वहीं शहर में नियमों को ताक पर रखकर दुकानों पर खुलेआम पेट्रोल की बिक्री की जा रही है। टीम को पिलोखड़ी पुल के पास दो बाइक रिपेयरिंग की दुकानों पर बोतलों में भरा पेट्रोल काउंटर पर रखा मिला। वहीं लिसाड़ीगेट क्षेत्र के कमेला रोड पर कई दुकानों पर यही हाल था।
सूत्रों से पता चला कि श्यामनगर, समरगार्डन, जाकिर कॉलोनी, लिसाड़ी रोड, फतेउल्लापुर रोड सहित अन्य क्षेत्रों में दुकानों पर पेट्रोल की बिक्री हो रही है। वहीं दिन में कई बार पुलिस की फैंटम और गाड़ी दुकानों के बाहर से गुजरती हैं, लेकिन दुकानदारों को पुलिस वालों का कोई खौफ नहीं है। ऐसे में पुलिस की भूमिका पर भी सवाल खड़ा होता है।
शहर में पेट्रोल से कई बार हो चुकी हैं घटनाएं
शहर में पेट्रोल से कई बार बड़ी घटनाएं हो चुकी हैं। जिसमें पारिवारिक एवं प्रेम प्रसंग के चलते पेट्रोल डालकर आग लगाने की घटनाएं हो चुकी हैं। जिसमें कई मौतें भी हो चुकी हैं। यहां तक कि पेट्रोल पंप पर भी बोतलों में पेट्रोल देने पर पूरी तरह रोक है। बोतलों में पेट्रोल देने वाले पंपों पर कार्रवाई के निर्देश हैं। जिसके बाद भी पेट्रोल पंपों से पेट्रोल दुकानों पर पहुंचना, सीधा कानूनी प्रक्रिया पर सवाल उठाती है।
क्षेत्र में ही बन रहा पेट्रोल
पेट्रोल बेच रहे दुकानदारों से पूछा गया कि पेट्रोल कहां से आता है तो वो टालमटोल करने लगे। सूत्रों की माने तो पेट्रोल लिसाड़ीगेट क्षेत्र में ही बन रहा है। पुलिस की सेटिंग से क्षेत्र में भारी मात्रा में पेट्रोल बनाकर सप्लाई का काम हो रहा है। ऐसे में पेट्रोल सप्लाई करने वालों के खिलाफ कार्रवाई हुई तो बड़ा खेल उजागर हो सकता है।
जांच कराकर होगी कार्रवाई
हमारे संज्ञान में मामला नहीं है, यदि कही खुले में अवैध तरीके से डीजल पेट्रोल बेचा जा रहा है तो सप्लाई इंस्पेक्टर से जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी। क्षेत्रीय संबंधित पुलिस को भी पत्र भेजा जाएगा। -विकास गौतम, जिला आपूर्ति अधिकारी