सहारनपुर: छज्जा गिरने से बच्ची समेत महिला की मौत, गमले में पानी देते वक्त हुआ हादसा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सहारनपुर थाना क्षेत्र के गांव भरतपुर में घर के दरवाजे का एक छज्जा टूटकर गिरने से छह वर्षीय बच्ची और 45 वर्षीय महिला की मौत हो गई। इस हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
गांव भरतपुर निवासी राजकुमार पुत्र रज्जन के मकान के मेन गेट पर दरवाजे के ऊपर सीमेंट से बना छज्जा रखा था। इस पर फूलो के गमले रखे हुए थे। गांव के कुछ लोगों ने बताया कि सुबह करीब आठ बजे राजकुमार की 21 वर्षीय बेटी शिवानी गमलों में पानी डाल रही थी। तभी अचानक छज्जा नीचे गिर गया।
इसी दौरान शिवानी ने किसी तरह दीवार पर पैर रखकर अपनी जान बचाई। लेकिन छज्जे के नीचे बैठी राजकुमार की पत्नी 45 वर्षीय चमनी देवी और उसके छोटे भाई यशपाल की छह वर्षीय बेटी राधिका दब गईं। हादसे का पता चलते ही परिवार के लोग गांव से ही निजी चिकित्सक को बुलाकर लाए।
मगर चिकित्सक ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। चमनी देवी अपने पीछे चार बेटे और दो बेटियां छोड़ गई है। हादसे के बाद परिजनों ने बिना किसी कार्रवाई के शवों को बेहद गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार कर दिया।
हादसे के बाद काफी देर तक बिलखती रही शिवानी
हादसे के समय गमले में पानी डालने वाली राजकुमार की बेटी शिवानी बहुत देर तक रोती बिलखती रही। हादसे में मां और चचेरी बहन की मौत से वह बेहद गमगीन है। शिवानी और उसके साथ मौजूद लोग कहते रहे कि यदि उसे छज्जा गिरने का आभास होता तो वह पहले ही मां और बहन को वहां से हटवा दिया जाता। मगर होनी तो होकर रही।
वहीं, हादसे के दौरान कई ग्रामीण यह बात कहते रहे कि राजकुमार के घर के मेन गेट के ऊपर रखे गए छज्जे पर यदि पहले से ध्यान दिया जाता तो शायद यह हालात सामने न आते। दरअसल, छज्जे को दरवाजे की दीवारों पर सटाकर रखा गया था। उसे पूरी तरह प्लास्टर नहीं कराया गया था।