सहारनपुर: कांवड़ यात्रा के लिए निकले तो होंगे क्वारंटीन, मंडल के जिलों में दिए जा रहे निर्देश
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कोरोना संक्रमण को देखते हुए इस बार कांवड़ यात्रा को स्थगित कर दिया गया है। बावजूद इसके अफसरों को आशंका है कि श्रद्धालु कांवड़ यात्रा पर निकलने का प्रयास कर सकते हैं।
इसके चलते ही डीआईजी उपेंद्र अग्रवाल ने मंडल के सहारनपुर, मुजफ्फरनगर और शामली जिलों में कांवड़ यात्रा के लिए निकलने वाले लोगों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि यदि कोई श्रद्धालु इन जिलों से कांवड़ लेने के लिए निकलता है तो उसे क्वारंटीन करा दिया जाएगा।
इसी माह छह जुलाई से श्रावण मास शुरू हो रहा है। हर साल यूपी के अलावा हरियाणा, पंजाब सहित अन्य राज्यों के लाखों शिवभक्त मंडल की सड़कों से होते हुए उत्तराखंड के हरिद्वार में गंगाजल लाने के लिए निकलते रहे हैं। मगर इस बार कांवड़ यात्रा पर कोरोना का साया पड़ गया है।
पुलिस प्रशासन लगातार यही अपील कर रहा है कि कोई भी शख्स कांवड़ यात्रा के लिए न निकले। इसके लिए नगर, कस्बे और गांवों में पुलिस की टीमें बैठकें भी कर रहीं हैं। कांवड़ यात्रा का प्रयास करने वालों पर नजर रखने के लिए जिले में डीएम अखिलेश सिंह और एसएसपी डॉ. एस चनप्पा लगातार उन सड़कों का भ्रमण कर रहे हैं, जहां से कांवड़ यात्री गुजरते रहे हैं।
इन अफसरों की ओर से निगरानी के लिए प्रस्तावित रूटों पर 50 से अधिक चेकिंग प्वाइंट्स भी बनाए गए हैं। इस बारे में डीआईजी उपेंद्र अग्रवाल ने कहा कि कोरोना संक्रमण पर नियंत्रण मानव हित में हैं।
इसलिए लोगों से अपील की जा रही है कि वे घर पर ही भोले बाबा की आराधना करें। कांवड़ यात्रा करने का प्रयास न करें। इससे उनकी और उनके संपर्क में आने वालों की जिंदगी मुश्किल में पड़ सकती है। यदि कोई कांवड़ यात्रा लेकर निकलेगा तो उसे क्वारंटीन भी कराया जा सकता है।