शिक्षिका की डांट से बिगड़ी छात्र की तबीयत, भाई-बहन को स्कूल से निकाला, परिजनों पर ये आरोप
होमवर्क पूरा न करने पर शिक्षिका की डांट से सातवीं कक्षा के छात्र की तबीयत बिगड़ी तो गुस्साए परिजनों ने स्कूल पहुंचकर हंगामा करना शुरू कर दिया। इतना ही नहीं आरोप है कि छात्र के परिजनों ने शिक्षिका के साथ जमकर अभद्रता की। इससे गुस्साए प्रबंधतंत्र ने छात्र और उसकी बहन को स्कूल से निष्कासित कर दिया।
मामला सहारनपुर जनपद में खेड़ामुगल क्षेत्र के एक मान्यता प्राप्त जूनियर हाईस्कूल का है। कक्षा सात में पढ़ने वाले एक छात्र को शिक्षिका ने होमवर्क पूरा न होने पर डांट दिया। बताया गया है कि शिक्षिका की डांट से छात्र की तबीयत बिगड़ गई। जिसे परिजन गांव में स्थित प्राइवेट चिकित्सालय में ले गए। आरोप है कि इससे गुस्साए परिजन मंगलवार को स्कूल पहुंचे और हंगामा करना शुरू कर दिया।
प्रबंधतंत्र का आरोप है कि छात्र के परिजनों को समझाने का प्रयास किया गया, लेकिन शांत होने के बजाए उन्होंने मौके पर मौजूद शिक्षिका के साथ अभद्रता करते हुए मारपीट शुरू कर दी। जिसे बमुश्किल बचाया गया। शिक्षिका के साथ मारपीट की घटना को लेकर विद्यालय स्टॉफ में रोष पनप गया। जिसके बाद प्रबंधतंत्र ने छात्र और पांचवीं कक्षा में पढ़ने वाली उसकी बहन को स्कूल से निष्कासित कर दिया।
शिक्षिका के साथ हुई मारपीट, अभिभावक स्वयं ले गए टीसी
स्कूल के प्रधानाचार्य सुदेशपाल सिंह का कहना है कि होमवर्क पूरा न होने पर छात्र को शिक्षिका ने डांटा जरूर था, पीटा नहीं। जिसके बाद वह छुट्टी होने पर घर ठीकठाक गया। सुदेशपाल सिंह के मुताबिक मामला तीन दिन पहले का है। मंगलवार को छात्र के परिजन स्कूल पहुंचे और हंगामा करते हुए शिक्षिका के साथ मारपीट की। उनका कहना है कि छात्र और उसकी बहन को निष्कासित नहीं किया गया। बल्कि अभिभावक स्वयं उनकी टीसी (ट्रांसफर सर्टिफिकेट) निकलवाकर ले गए। रजिस्ट्रर पर उनके हस्ताक्षर भी मौजूद हैं।
मामला संज्ञान में नहीं जांच के बाद होगी कार्रवाई: एबीएसए
एबीएसए नागल प्रमोद शर्मा का कहना है कि मामला उनके संज्ञान में नहीं है। बुधवार को वह खेड़ामुगल क्षेत्र में जाकर संबंधित विद्यालय के प्रिंसिपल से मामले की जानकारी लेंगे। यदि स्कूल प्रबंधतंत्र की गलती निकलती है तो उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। साथ ही बताया कि चालू सत्र में किसी भी विवाद की सूरत में विद्यार्थी को स्कूल से निष्कासित नहीं किया जा सकता है। पूरे मामले की जांच कराई जाएगी।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/