यूपी: बेखौफ बदमाशों ने 20 मिनट में दिया तीन बड़ी वारदातों को अंजाम, महिला सिपाही ने बयां किया दर्द
मेरठ में बदमाश बेखौफ हो गए हैं। यहां बदमाशों ने 20 मिनट के अंदर तीन वारदातों को अंजाम दिया। महिला सिपाही समेत तीन लोगों से लूट की गई हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
उत्तर प्रदेश के मेरठ शहर में बेखौफ बदमाशों ने एक ही रात में तीन वारदातों को अंजाम दिया। 20 मिनट के अंदर में महिला सिपाही, शिक्षिका व बैंक कर्मचारी से लूटपाट की। तीनों मामलों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन बदमाशों का कोई सुराग नहीं लगा सकी। वारदातों से लोगों में आक्रोश है।
बुधवार रात नौ बजे सिविल लाइन थाना क्षेत्र की रहने वाली शिक्षिका अंजलि स्कूटी से घर लौट रही थी। जीआईसी के सामने बेगमपुल की तरफ आ रहे बाइक सवार दो बदमाशों ने महिला के गले पर झपट्टा मारा और चेन लूट ली। महिला स्कूटी से गिरने से बाल-बाल बची। महिला की चीख पुकार सुनकर भीड़ लग गई। लालकुर्ती थाने की पुलिस भी मौके पर पहुंची और छानबीन करने लगी।
दूसरी घटना रात सवा नौ बजे हुई। जागृति विहार सेक्टर-5 निवासी अनिल रस्तोगी केनरा बैंक में कर्मचारी हैं। रात में खाना खाने के बाद वह घर के बाहर टहल रहे थे। इसी दौरान बाइक पर सवार दो बदमाश वहां पर पहुंचे और अनिल से मोबाइल लूट लिया। लोगों ने बदमाशों की घेराबंदी का प्रयास किया, लेकिन वह फरार हो गए।
तीसरी घटना 9:20 बजे की है। यह वारदात महिला सिपाही के साथ हुई। महिला थाने में तैनात महिला सिपाही संगीता फूल बाग कॉलोनी में गली नंबर-5 में रहती हैं। रात में वह डेयरी से दूध लेकर घर लौट रही थीं। घर से 10 कदम की दूरी पर बाइक सवार दो बदमाशों ने पीछे से महिला के झपट्टा मारकर गले से चेन छीन ली। छीनाझपटी में महिला सिपाही के हाथ से मोबाइल नीचे गिर गया। वह मोबाइल को उठाने लगी, तब तक बदमाश भाग गए। इस घटना की जानकारी लगने पर सीओ सिविल लाइन देवेश सिंह, इंस्पेक्टर नौचंदी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। महिला सिपाही से बदमाशों का हुलिया पूछकर पुलिस वहां से लौट आई।
वारदात को छुपाने में लग जाती है पुलिस
बदमाशों को पकड़ने की जगह पुलिस लूट की वारदात को छुपाने में लग जाती है। 20 मिनट में शहर में तीन लूट की घटनाएं हो गईं। थानेदारों ने इन्हें छुपाने का प्रयास किया। स्थानीय लोगों ने इसका विरोध किया। लोगों का आरोप है कि पुलिस पीड़ितों को धमका रही है कि वह लूट नहीं, सामान गुम होने की तहरीर दें।
पीड़ितों ने उठाए सवाल
महिला सिपाही से लूट की घटना का पता लगते ही मीडियाकर्मी भी पहुंच गए। पहले तो पुलिस वालों ने महिला सिपाही से बात नहीं करने दीं। जैसे तैसे महिला सिपाही से बात की तो वह अपने विभाग की बदनामी की बात कहकर चुप हो गई। शिक्षिका अंजलि ने बताया कि बदमाश सरेराह चेन लूटकर ले गए। वहीं बैंक कर्मचारी अनिल रस्तोगी ने पुलिस की गश्त पर सवाल उठाए।
नौचंदी इलाके में बदमाशों के निशाने पर पुलिसकर्मी
नौचंदी थाना क्षेत्र में बदमाशों के निशाने पर पुलिसकर्मी भी हैं। एक सप्ताह पहले बागपत में तैनात हेड कांस्टेबल से बदमाशों ने लूटपाट की थी। इन बदमाशों का पुलिस आज तक सुराग नहीं लगा पाई। वह मामला अभी ठंडा नहीं हुआ की फूल बाग कॉलोनी में महिला सिपाही से ही बदमाशों ने चेन छीन ली। नौचंदी थाना पुलिस की कार्यशैली से व्यापारी भी नाराज हैं। विष्णु ज्वेलर्स के यहां डकैती के मामले में भी नौचंदी थाने की पुलिस ने किरकिरी कराई हुई है।
कहां गई शहर की पुलिस
प्रशासन का दावा है कि शहर में रात नौ बजे के बाद लॉकडाउन लागू हो जाता है। यह लॉकडाउन सिर्फ दुकानदारों पर ही लागू है। बुधवार रात में ये तीनों घटना नौ बजे के बाद ही हुई हैं। सवाल है कि लॉकडाउन में पुलिस कहां रहती है। शायद इसका जवाब पुलिस अधिकारियों के पास भी नहीं है।