पुलिस भर्ती परीक्षा: मुजफ्फरनगर में बने 16 केंद्र, प्रवेश पत्र दिखाकर कर सकेंगे मुफ्त यात्रा
आरक्षी नागरिक पुलिस भर्ती परीक्षा के अभ्यर्थी परीक्षा के दिन मुफ्त सफर कर सकेंगे। प्रवेश पत्र दिखाने पर बस का परिचालक शून्य वाला टिकट बनाकर देगा। मुजफ्फरनगर में 16 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। सीसीटीवी की निगरानी में परीक्षा संपन्न कराई जाएगी।
विस्तार
परिवहन निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक योगेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि अभ्यर्थियों को शून्य मूल्य वाला टिकट जारी करने से पूर्व परिचालक उनके परीक्षा प्रवेश पत्र पर अंकित परीक्षा तिथि एवं फोटो अवश्य जांच कर ले। यह भी देख ले कि अभ्यर्थी निर्धारित की गई अवधि के अन्दर यात्रा कर रहा हैं। या नहीं। उन्होंने बताया कि अभ्यर्थियों को परीक्षा के लिए आने व जाने के दौरान के 72 घंटे के अंदर ही यह सुविधा मिलेगी।
आज जारी होगा प्रवेश पत्र
परीक्षा के लिए प्रवेश पत्र आज से जारी किए जा रहे हैं। परीक्षा की तिथियों के मुताबिक अभ्यर्थी परीक्षा से तीन दिन पहले बोर्ड की वेबसाइट पर दिए गए लिंक से प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकते हैं।
परीक्षा में तैनात रहेंगे 16 सेक्टर व स्टेटिक मजिस्ट्रेट
परीक्षा के नोडल अधिकारी एसपी यातायात कुलदीप सिंह ने बताया कि जिले में सोलह परीक्षा केंद्र बनाए गए है। परीक्षा के लिए 16 सेक्टर व 16 स्टेटिक मजिस्ट्रेट बनाए गए है। सभी सोलह केंद्रों पर एक कंट्रोल रूम बनाया गया है। जहां एक सीओ, एक एक निरीक्षक व एक दरोगा की डयूटी रहेगी। कंपोजिट पुलिस कंट्रोल रूम को मुख्य कंट्रोल रूम बनाया गया है। सोलह पुलिस अधिकारी बनाए गए है जिनमें दो सीओ व चौदह निरीक्षक शामिल किए गए है।
रेलवे स्टेशन व रोडवेज अड्डे पर बनेंगे बूथ
मुजफ्फरनगर पुलिस ने परीक्षा के दौरान आने वाले अभ्यर्थियों की सहायता के लिए रेलवे स्टेशन व रोडवेज बस अड्डे पर पुलिस बूथ बनाए जा रहे हैं। ताकि परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र ढूंढने व अन्य किसी प्रकार की परेशानी न हो।
प्रोत्साहन योजना भी लागू
परिवहन निगम ने रोडवेज बस में अभ्यर्थियों के यात्रा करने के मद्देनजर चालक परिचालकों के लिए प्रोत्साहन योजना लागू की है। जो 18 अगस्त से एक सितंबर तक चलेगी। पंद्रह दिन की इस अवधि में साढ़े चार हजार किलोमीटर चलाने पर तीन हजार रुपये, चौदह दिन में 4200 किलोमीटर बस चलाने पर 2250 रुपये व तेरह दिन में 3900 किलोमीटर बस चलाने पर 1500 सौ रुपये प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।