थाना लिसाड़ी गेट पुलिस ने विकासपुरी पानी की टंकी के पास से मिन्नी मस्जिद बुनकर नगर निवासी नदीम को 28 सुर्री और अन्य विस्फोटक सामग्री के साथ गिरफ्तार किया है। यह सामग्री शब-ए-बरात पर आतिशबाजी में इस्तेमाल की जानी थी जबकि सुर्री पर पुलिस प्रशासन द्वारा पहले ही प्रतिबंध लगाया जा चुका है।
एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि आरोपी नदीम के पास से 28 सुर्री, 105 खाली खोल, 3.700 किलोग्राम पोटाश, 150 ग्राम नीला थोथा, 800 ग्राम सिरके वाली मिट्टी, तीन पैकेट फिनाइल की गोलियां और एक मोबाइल फोन बरामद हुआ है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया जहां से उसे जेल भेज दिया गया। अब तक कुल छह लोगों को इसी मामले में गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।