मेरठ। मेरठ कॉलेज द्वारा आयोजित दीक्षारंभ कदम से कामयाबी तक कार्यक्रम के तीसरे दिन वक्ताओं ने अपने विचार रखें। कार्यक्रम की थीम राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका रही।कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि पूर्व सांसद डॉ. राजेंद्र अग्रवाल, प्रबंध समिति अध्यक्ष डॉ. ओपी अग्रवाल, सचिव विवेक गर्ग और प्राचार्य प्रो. युद्धवीर सिंह द्वारा दीप जलाकर किया गया। पूर्व सांसद डॉ. राजेंद्र अग्रवाल ने कहा कि शिक्षा में छात्र का पहला कदम भले ही छोटा हो लेकिन वह दिशा तय कर देता है।
मेरठ के विषय में उन्होंने बताया कि स्वामी विवेकानंद टाउन हॉल स्थित तिलक पुस्तकालय से प्रतिदिन एक पुस्तक अध्ययन करने के लिए लेकर जाते थे। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के लिए दीक्षांत कार्यक्रम की तरह दीक्षारंभ कार्यक्रम भी महत्वपूर्ण है। डॉ. ओपी अग्रवाल ने छात्रों को उचित दिनचर्या के साथ ही जंक फूड से परहेज करने के लिए कहा। प्राचार्य प्रो. युद्धवीर सिंह ने छात्रों को अद्भुत विरासत वाले कॉलेज में प्रविष्ट होने के लिए बधाई देते हुए भारतीय ज्ञान के परिचायक ग्रंथों से शिक्षा प्राप्त करने के लिए कहा। आईक्यूएसी समन्वयक प्रो. अर्चना सिंह ने विद्यार्थियों को विद्यार्थियों के लिए हितकारी कॉलेज में संचालित विभिन्न क्लबों प्रयास, संकल्प, प्रकृति आदि से अवगत कराया।
सरस्वती छात्रावास की वार्डन प्रो. श्वेता जैन ने नव प्रवेशित छात्राओं को छात्रावास के शुल्क व सुविधाओं के विषय में बताया। इस मौके पर प्रो. अर्चना सिंह, प्रो. सीमा पंवार, प्रो. अनिल राठी, प्रो. नीरज कुमार, प्रो. कपिल सिवाच, प्रो. चंद्रशेखर भारद्वाज, प्रो. पंजाब सिंह मलिक, प्रो. पवन, प्रो. सचिन, प्रो. अनुराधा, प्रो. मनोज सिवाच, प्रो. संदीप, डॉ. दिनेश, डॉ. हरगुन साहनी आदि मौजूद रहे।

मेरठ कॉलेज में हुआ दीक्षारंभ कार्यक्रम का आयोजन